राहुल गांधी ने रायबरेली लोकसभा सीट से दाखिल किया नामांकन, प्रियंका और सोनिया गांधी रहीं मौजूद

May 3, 2024 - 17:15
 0  109
राहुल गांधी ने रायबरेली लोकसभा सीट से दाखिल किया नामांकन, प्रियंका और सोनिया गांधी रहीं मौजूद

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीट पर उम्मीदवारों को लेकर चला आ रहा सस्पेंस कांग्रेस ने आज यानी शुक्रवार को खत्म कर दिया। कांग्रेस ने अमेठी से केएल शर्मा को टिकट दिया है। जबकि कांग्रेस की पारंपरिक सीट रायबरेली से खुद राहुल गांधी चुनाव लड़ेंगे।

राहुल गांधी ने आज दोपहर 2 बजे रायबरेली के लिए नामांकन किया है। राहुल गांधी के नामांकन के समय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस महासचिव और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रियंका के पति रॉबर्ट वाड्रा भी मौजूद रहे।

इससे पहले ऐसी चर्चा थी कि राहुल गांधी एक बार फिर अमेठी से चुनाव लड़ेंगे और रायबरेली से प्रियंका गांधी वाड्रा अपनी मां सोनिया की विरासत को संभालेंगी। लेकिन ऐन वक्त पर कांग्रेस ने राहुल को रायबरेली से प्रत्याशी घोषित कर दिया। 

हाई प्रोफाइल रायबरेली संसदीय सीट पर भाजपा प्रत्याशी दिनेश प्रताप सिंह लगातार दूसरी बार गांधी परिवार के सामने होंगे। राहुल गांधी के नामांकन के कुछ देर पहले ही दिनेश प्रताप सिंह ने अपना नामांकन दाखिल किया।  2019 में दिनेश प्रताप सिंह सोनिया गांधी के सामने चुनाव लड़े थे। उन्होंने कांग्रेस को टक्कर दी थी लेकिन चुनाव हार गए थे। 

2018 में दिनेश प्रताप सिंह कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। सोनिया गांधी को 5,31,918 मत मिले थे। भाजपा उम्मीदवार दिनेश प्रताप सिंह को 3,67,740 मत मिले थे। दिनेश प्रताप 1,64,178 मतों से हार गए थे, लेकिन उन्होंने सोनिया गांधी के जीत के अंतर को कम कर दिया था।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow