एनआईए टीम पर हमले को लेकर बोली ममता बनर्जी- आधी रात को छापा क्यों मारा, लोगों ने वही किया जो...

Apr 6, 2024 - 17:47
 0  29
एनआईए टीम पर हमले को लेकर बोली ममता बनर्जी- आधी रात को छापा क्यों मारा, लोगों ने वही किया जो...

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले के भूपतिनगर इलाके में एनआईए टीम पर हुए हमले को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जांच टीम पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। ममता बनर्जी का कहना है कि ये लोग स्थानीय पुलिस को सूचित किए बिना आधी रात को छापा मारने क्यों गए। इन्हें स्थानीय पुलिस को बता कर जाना चाहिए था।

ममता बनर्जी ने कहा कि स्थानीय लोगों ने वही किया, जो किसी अजनबी के उनकी जगह पर आने पर उन्हें करना चाहिए था। वे (एनआईए) चुनाव से ठीक पहले लोगों को गिरफ्तार क्यों कर रहे हैं। ममता बनर्जी ने कहा कि भाजपा को क्या लगता है कि वे हर बूथ एजेंट को गिरफ्तार कर लेंगे? एनआईए को क्या अधिकार है? ये सब भाजपा के समर्थन के लिए हो रहा है। हम पूरी दुनिया को भाजपा की गंदी राजनीति के बारे में बताएंगे।

ममता बनर्जी ने दावा किया कि साल 2022 में पटाखे फोड़ने के मामले में जांच के लिए एनआईए की टीम सुबह-सुबह पहुंच गई थी। भूपतिनगर की महिलाओं ने हमला नहीं किया था, बल्कि एनआईए की टीम द्वारा हमला किया गया था। अगर महिलाओं पर हमला होगा तो क्या वो चुप रहेंगी? ममता बनर्जी ने कहा कि वह सिर्फ एनआईए के कुछ घरों में छापेमारी का विरोध कर रहीं थी।

ममता बनर्जी ने कहा कि केंद्र सरकार चुनाव जीतने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि चुनाव आयोग निष्पक्ष होकर काम करे और भाजपा द्वारा संचालित आयोग न बने। राज्य के पुलिस अधिकारियों के तबादले पर ममता बनर्जी ने सवाल उठाया कि ईडी, सीबीआई और आईटी विभाग के अधिकारियों के तबादले क्यों नहीं किए जा रहे हैं। ममता बनर्जी ने कहा कि एनआईए, सीबीआई भाजपा के भाई हैं और ईडी और आयकर विभाग, भाजपा के फंडिंग बक्से हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow