संजय निरूपम का कांग्रेस पर निशाना, बोले- पार्टी में एक नहीं कई पावर सेंटर हो गए हैं

Apr 4, 2024 - 16:43
 0  37
संजय निरूपम का कांग्रेस पर निशाना, बोले- पार्टी में एक नहीं कई पावर सेंटर हो गए हैं

नई दिल्ली। कांग्रेस से निष्कासित पूर्व सांसद संजय निरुपम ने गुरुवार को कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में एक नहीं कई पावर सेंटर हो गए हैं। इनमें सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और केसी वेणुगोपाल का नाम शामिल है।

संजय निरुपम ने कहा कि मुझे कांग्रेस से निष्कासित नहीं किया गया मैंने तो पहले ही पार्टी छोड़ दी थी। कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि मेरा मानना है पार्टी ने एक ए-4 साइज का पेपर बर्बाद कर दिया। कांग्रेस के लोग ही कहते हैं कि पार्टी वैचारिक तौर पर दिशाहीन है। लेकिन कांग्रेस एक ऐसी पार्टी है जो संरचनात्मक रूप से भी बिखरी हुई पार्टी है। 

उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस में एक ही पावर सेंटर हुआ करता था, लेकिन अब ऐसा नहीं। अब यहां कई पावर सेंटर हो गए हैं। संजय निरुपम बोले, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और के.सी. वेणुगोपाल सभी के अपने अलग-अलग शक्ति केंद्र हैं और ये लॉबी एक-दूसरे के खिलाफ अपनी ताकत का इस्तेमाल करती रहती है। मैं और मेरे जैसे लोग इस लॉबी के चलते परेशान रहते हैं।

संजय निरुपम ने आगे कहा कि खड़गे के करीबियों के पास कोई अनुभव नहीं है और बड़ी-बड़ी बातें करते रहते हैं। वो अचानक करीब आ गए हैं और अब गलत बातें बोलते हैं। वेणुगोपाल क्या बोलते हैं, यह किसी को समझ नहीं आता है। मौजूदा समय में लॉबियों के बीच टकराव चल रहा है। लिहाजा कांग्रेस में नेताओं की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। 

संजय निरुपम ने उद्धव ठाकरे पर हमला करते हुए कहा कि बची-खुची शिवसेना के नेता दो दिन पहले दिल्ली गए थे और वहां बीजेपी को भ्रष्ट जनता पार्टी कहा था। अगर वे ऐसा सोचते हैं, तो फिर भ्रष्टाचारी को हमारी सीट पर टिकट क्यों दिया। 

इस दौरान संजय निरुपम ने अमोल कीर्तीकर पर निशाना साधते हुए कहा कि आपने मेरे क्षेत्र से खिचड़ी चोर को उम्मीदवार बना दिया है। बता दें कि अमोल कीर्तीकर को उद्धव गुट ने मुंबई उत्तर-पश्चिम सीट से उम्मीदवार घोषित किया है। अमोल कीर्तीकर को ईडी ने कोविड खिचड़ी घोटाले के संबंध में समन जारी किया है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow