पीएम मोदी ने जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि, सोनिया और खड़गे ने किया नमन

May 27, 2024 - 21:49
 0  22
पीएम मोदी ने जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि, सोनिया और खड़गे ने किया नमन

नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की 60वीं पुण्य तिथि है। इस मौके पर पीएम मोदी समेत कांग्रेस के तमाम नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी। पीएम मोदी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पूर्व प्रधानमंत्री नेहरू को श्रद्धाजलि देते हुए लिखा, मैं पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जी को उनकी पुण्य तिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

वहीं, कांग्रेस नेताओं ने नई दिल्ली के शांति वन में स्थित उनके स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पार्टी की संसदीय अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत राज्यसभा सांसद अजय माकन ने पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि दी।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने ट्विटर पर लिखा, आधुनिक भारत के शिल्पकार, भारत को वैज्ञानिक, आर्थिक, औद्योगिक व विभिन्न क्षेत्रों में आगे ले जाने वाले, लोकतंत्र के समर्पित प्रहरी, स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री व हमारे प्रेरणास्रोत, पंडित जवाहरलाल नेहरू जी के अतुलनीय योगदान के बिना भारत का इतिहास अधूरा है। 'हिन्द के जवाहर' की पुण्यतिथि पर उन्हें हमारी विनम्र श्रद्धांजलि।

पंडित जवाहरलाल नेहरू जी ने कहा था-
देश की रक्षा, देश की उन्नति, देश की एकता ये हम सबका राष्ट्रीय धर्म है. ये हम अलग अलग धर्म पर चलें, अलग-अलग प्रदेश में रहें, अलग भाषा बोलें, पर उससे कोई दीवार हमारे बीच खड़ी नहीं होनी चाहिए... सब लोगों को उन्नति में बराबर का मौका मिलना चाहिए। हम नहीं चाहते कि हमारे देश में कुछ लोग बहुत बड़े अमीर हों और अधिकतर लोग गरीब हों। आज भी कांग्रेस पार्टी उसी 'न्याय' के रास्ते पर चल रही है।

बता दें कि जवाहरलाल नेहरू, एक स्वतंत्रता सेनानी थे, जिन्होंने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं 1947 में स्वतंत्रता के बाद भारत के पहले प्रधानमंत्री बने। पंडित जवाहरलाल नेहरू 16 वर्ष से अधिक समय तक इस पद पर रहे और 27 मई 1964 को दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। उनके बाद लाल बहादुर शास्त्री ने भारत के दूसरे प्रधान मंत्री के रूप में पदभार संभाला।

नेहरू को भारत के गुटनिरपेक्ष आंदोलन का प्रणेता माना जाता है। बच्चों के प्रति उनके प्रेम के कारण उन्हें 'चाचा नेहरू' भी कहा जाता था और उनकी जयंती 14 नवंबर को भारत में हर साल बाल दिवस के रूप में भी मनाई जाती है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow