नए अध्यक्ष के चयन तक जेपी नड्डा बने रहेंगे बीजेपी प्रमुख, इन नामों पर हो रही चर्चा

Jun 11, 2024 - 17:02
 0  25
नए अध्यक्ष के चयन तक जेपी नड्डा बने रहेंगे बीजेपी प्रमुख, इन नामों पर हो रही चर्चा

नई दिल्ली। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मोदी मंत्रिमंडल में शामिल हो गए हैं। बीजेपी एक व्यक्ति और पद की नीति पर चलती है तो ऐसे में सवाल उठता है कि जेपी नड्डा की जगह पर बीजेपी का नया अध्यक्ष कौन बनेगा? हालांकि इसी बीच खबर आई है कि नए बीजेपी अध्यक्ष के चुनाव तक जेपी नड्डा भाजपा प्रमुख बने रहेंगे।

बीजेपी सूत्र से मिली जानकारी के मुताबिक जब तक नए अध्यक्ष की नियुक्ति नहीं हो जाती है। जेपी नड्डा पार्टी अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे। बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष की नियुक्ति जल्द ही होगी। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव सितंबर-अक्टूबर तक पूरा हो जाएगा।

बता दें कि जेपी नड्डा 2019 लोकसभा चुनाव के बाद बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष बने थे। जनवरी 2020 में तत्कालीन अध्य्क्ष अमित शाह के केंद्रीय गृह मंत्री बनने के बाद वो पूर्ण रूप से बीजेपी के अध्यक्ष बने थे। 4 साल तक भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर काम करने के बाद जेपी नड्डा रविवार को मोदी मंत्रिमंडल में शामिल हुए। उनका कार्यकाल इसी महीने में समाप्त हो रहा है तो ऐसे में बीजेपी का कमान अब किसके हाथों में जायेगा, इसकी चर्चा तेज हो गई है।

बीजेपी के अध्यक्ष पद की रेस में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और हरियाणा के पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर का नाम भी चल रहा था लेकिन वो दोनों भी एनडीए सरकार में शामिल हो गए हैं। ऐसे में अब नए नामों पर चर्चा शुरू हो गई है। कहा जा रहा है कि बीजेपी का नया अध्यक्ष उत्तर प्रदेश से बन सकता है क्योंकि इस बार के चुनाव में राज्य से भाजपा को तगड़ा झटका लगा है। साथ ही महाराष्ट्र से भी एक नेता का नाम चर्चा में हैं। संगठन को संभालने के लिए अनुराग ठाकुर, विनोद तावड़े और सुनील बंसल का नाम सामने आ रहा है।

विनोद तावड़े महाराष्ट्र से हैं और फिलहाल बिहार के प्रभारी महासचिव हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं। सुनील बंसल यूपी में राज्य महासचिव (संगठन) के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। वहीं अनुराग ठाकुर को इस बार मंत्रिमंडल में जगह नहीं दी गई है। ऐसे में कहा जा रहा है कि पार्टी उनके नाम पर भी विचार कर सकती है। वो पहले भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष रह चुके हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow