लोकसभा चुनाव 2024 एग्जिट पोल: मध्य प्रदेश में फिर लहराएगा भगवा, बीजेपी करेगी क्लीन स्वीप

Jun 2, 2024 - 03:18
 0  22
लोकसभा चुनाव 2024 एग्जिट पोल: मध्य प्रदेश में फिर लहराएगा भगवा, बीजेपी करेगी क्लीन स्वीप

नई दिल्ली। देश में लोकसभा चुनाव का अंतिम व सातवां चरण भी आज यानी 1 जून को संपन्न हो चुका है। सातवें चरण के लिए 58 सीटों पर मतदान हुआ। इसके साथ ही देश में 19 अप्रैल से जारी लोकसभा चुनाव भी खत्म हो गया। चुनाव खत्म होने के बाद अब देशवासियों की निगाहें एग्जिट पोल पर टिकी हैं। इन नतीजों को देखने के लिए लोग बड़ी उत्सुकता से इंतज़ार कर रहे हैं।

नतीजों से पहले आज शाम को अलग-अलग मीडिया चैनलों और सर्वे एजेंसियों की तरफ से एग्जिट पोल जारी किए। इन आंकड़ों के मुताबिक देश में लगातार तीसरी बार नरेंद्र मोदी सरकार बनने के संकेत हैं। लेकिन किसी भी एग्जिट पोल में भाजपा की अगुवाई वाले एनडीए के 400 पार नहीं होते दिख रहे हैं। ज्यादातर एग्जिट पोल में एनडीए को 370 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि विपक्षी दलों के इंडिया अलायंस को 125 से 150 सीटें मिल सकती हैं।

वहीं, मध्य प्रदेश में इस बार भी भाजपा को बढ़त मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है। 1 जून शाम को सामने आए तमाम सर्वे में भारतीय जनता पार्टी को 28-29 सीटें दी गई हैं। अपनी बड़ी जीत का दावा कर रही कांग्रेस इन आंकड़ों से चिंतित नजर आ रही है। क्योंकि कई सर्वे में भाजपा को क्लीन स्वीप दिया जा रहा है। इसका सीधा सा मतलब है कि छिंदवाड़ा भी इस बार कांग्रेस के हाथ से जाती दिख रही है। 

देखिए तमाम एग्जिट पोल के नतीजे-

-न्यूज 24- टुडेज चाणक्य के सर्वे में भाजपा को प्रदेश की सभी 29 सीटें दी गई हैं। कांग्रेस को एक भी सीट इस सर्वे में नहीं दी जा रही है। 

-इंडिया टीवी के सर्वे में भाजपा को 28 से 29 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। कांग्रेस को एक सीट दी जा रही है। 

-एबीपी सी वोटर की मानें तो भाजपा को 26-28 सीटें तो कांग्रेस को 1-3 सीटें मिल सकती हैं।  

-इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया के सर्वे में भाजपा को 28-29 सीटें मिलने का अनुमान जताया जा रहा है। कांग्रेस को 0-1 सीटें मिल सकती हैं। दावा किया जा रहा है कि नकुलनाथ भी अपनी सीट गंवा सकते हैं। वहीं एनडीए को 61 प्रतिशत वोट का अनुमान भी बताया गया है। 

-टाइम्स नाऊ के सर्वे में भाजपा को सभी 29 सीटें दी जा रही हैं। 

एग्जिट पोल के नतीजों पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश और देश को बधाई देना चाहता हूं, खासकर आभार मानता हूं। यशस्वी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जैसा कि हमारा अभियान चला था फिर एक बार मोदी सरकार, अभी तक जो रुझान आ रहे हैं। वो अपने आप में अत्यंत आनंददायी है। वैसे तो पूर्व प्रतीक्षित है, यद्यपि हम सब जानते हैं कि एक बार रिजल्ट आने के बाद इसका जो आनंद आता है, वो अलग बात है। 

चार तारीख को रिजल्ट भी आएगा, आज रुझान आए हैं। रुझान बता रहे हैं कि मध्य प्रदेश में 29 की 29 सीट, साथ ही देश भर में 370 से ऊपर सीटें आ रही हैं। ये यशस्वी प्रधानमंत्री की नेतृत्व में जो कहा था, वो करके दिखा रहे हैं। मैं अपनी ओर से देश वासियों-प्रदेश वासियों का आभार मानता हूं, उम्मीद करता हूं आपका प्रेम बना रहेगा। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश फिर आगे बढ़ेगा। 

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि चार जून को भारतीय जनता पार्टी 370 और एनडीए के साथ 400 पार जाएगी और यह मैं नहीं बल्कि देश की जनता कह रही है। देश की जनता का प्रधानमंत्री मोदी जी के प्रति जो विश्वास है वो अद्भुत और अभूतपूर्व है। 

पूर्व सीएम ने कहा कि मध्यप्रदेश में भी भाजपा 29 की 29 सीटों पर विजयी पताका लहराएगी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए जनता मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए मैदान में उतरी है। हम भारी सफलता प्राप्त कर रहे हैं। विपक्ष हो या खरगे साहब सब जानते हैं, उनको अच्छी तरह से पता है कि उनके सारे दावे हवा हो रहे हैं। उनके कार्यकर्ता काउंटिंग में तो चले जाएं इसलिए ऐसा बोलकर अपना दावा पेश कर रहे हैं। 

क्या होते हैं एग्जिट पोल?

एग्जिट पोल मतदान के दिन किए जाने वाले चुनावी सर्वेक्षण का एक रूप है। जैसे ही मतदाता मतदान केंद्रों से बाहर निकलते हैं, विभिन्न सर्वेक्षण एजेंसियों और समाचार चैनलों के प्रतिनिधि उनसे उनके मतदान के बारे में सवाल पूछते हैं। मतदाताओं से पूछा जाता है कि उन्होंने किसे वोट दिया है, और यह प्रक्रिया विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों के कई मतदान केंद्रों पर दोहराई जाती है। 

मतदान अवधि के अंत तक, पर्याप्त मात्रा में डेटा एकत्र किया जाता है। फिर जनता के मूड को समझने के लिए इस डेटा का विश्लेषण किया जाता है। प्रत्येक पार्टी द्वारा जीती जा सकने वाली सीटों की संख्या का अनुमान लगाने के लिए गणितीय मॉडल का उपयोग किया जाता है। ये पूर्वानुमान मतदान समाप्त होने के बाद ही प्रसारित किए जाते हैं। 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow