नागपुर की बारूद फैक्ट्री में बड़ा धमाका, 5 लोगों की मौत, 8 घायल

Jun 13, 2024 - 23:38
 0  27
नागपुर की बारूद फैक्ट्री में बड़ा धमाका, 5 लोगों की मौत, 8 घायल

नई दिल्ली। नागपुर से बड़ी खबर सामने आई है. यहां एक बारूद फैक्ट्री में विस्फोट हुआ है। इस हादसे में 5 लोगों के मारे जाने की खबर है, जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच कर आग बुझाने का प्रयास कर रही हैं। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है।

नागपुर से लगभग 25 किलोमीटर दूर हिंगना पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत धमना इलाके में स्थित चामुंडी एक्सप्लोसिव प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में यह धमाका हुआ है। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आस-पास के कई इलाकों तक इसकी गूंज सुनाई दी। ब्लास्ट के बाद फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। धमाके की आवाज सुनकर लोग फैक्ट्री की तरफ दौड़े और स्थानीय प्रशासन को ब्लास्ट की सूचना दी। 

जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड के कर्मचारी कई दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में लग गए। इस दौरान फैक्ट्री के अंदर फंसे हुए लोगों को भी बाहर निकालने का काम शुरू किया गया। जिस समय फैक्ट्री में ब्लास्ट हुआ वहां लोग काम रहे थे जिसमें महिलाएं भी शामिल थीं। हालांकि अभी तक ब्लास्ट के कारणों का सही पता नहीं चल सका है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नागपुर पुलिस आयुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि यह धमाका चामुंडी एक्सप्लोसिव प्राइवेट लिमिटेड में हुआ है। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है और 8 लोग घायल हो गए हैं। हादसा दोपहर करीब एक बजे के आसपास हुआ। हादसे के समय फैक्ट्री में कर्मचारी विस्फोटक पदार्थ पैक कर रहे थे। फिलहाल पुलिस टीम मौके पर है और हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। 

घटना की सूचना पर पहुंचे एनसीपी (एसपी) नेता अनिल देशमुख ने कहा कि यह धमाका धामना गांव के पास बारूद बनाने वाली फैक्ट्री में हुआ है। फैक्ट्री का मालिक और मैनेजर फरार है। फिलहाल घायलों को इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow