महाराष्ट्र बजट में बड़ा ऐलान, गरीब महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे

Jun 28, 2024 - 22:42
 0  25
महाराष्ट्र बजट में बड़ा ऐलान, गरीब महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह दिए जाएंगे

नई दिल्ली। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने शुक्रवार को विधानमंडल में राज्य का 2024-25 का बजट पेश किया। आगामी चुनाव को देखते हुए बजट में कई बड़ी घोषणाएं की गई हैं। बजट में किसान, महिलाओं पर खास ध्यान रखा गया है। बजट में महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये देने की घोषणा की गयी है। यह भत्ता 21 से 60 वर्ष की उम्र की महिलाओं को मिलेगा।

महाराष्ट्र की महायुति सरकार ने माझी लाडकी बहिन योजना की घोषणा की है। इस योजना के तहत आर्थिक रूप से दुर्बल महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये सरकार की ओर से दिए जाएंगे। इसके साथ ही महिलाओं को एक वर्ष में सरकार की ओर से 3 एलपीजी गैस सिलेंडर मुफ्त दिया जाएगा। 

महाराष्ट्र सरकार ने आर्थिक रूप से दुर्बल परिवार की लड़कियों की उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। राज्य की 2 लाख लड़कियों के लिए 2 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

वित्त मंत्री अजित पवार ने बजट में किसानों के लिए बड़ी घोषणा की है। महाराष्ट्र के 46 लाख 6 हजार किसानों की बिजली माफ करने की घोषणा की गई है। इसके साथ ही वन्य प्राणियों के हमले में मृत व्यक्ति के परिवार को 25 लाख तक आर्थिक मदद की घोषणा की गई है। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजीत पवार ने ऐलान किया कि सरकार महाराष्ट्र में कपास और सोयाबीन की फसल के लिए सभी किसानों को 5000 रुपये प्रति हेक्टेयर बोनस देगी। दूध उत्पादक किसानों को भी 5 रुपये प्रति लीटर बोनस मिलेगा। 43 लाख किसानों को सौर कृषि पम्प दिया जाएगा, इन्हें कृषि पम्प के लिए मुफ्त बिजली मिल सकेगी। 

अजित पवार ने कहा, मुंबई रीजन के लिए डीजल पर टैक्स को 24 फीसदी से घटाकर 21 फीसदी किया जा रहा है। इससे डीजल की कीमतें 2 रुपये प्रति लीटर घट जाएंगी। इसके अलावा मुंबई रीजन में पेट्रोल पर टैक्स को 26 फीसदी से घटाकर 25 फीसदी किया जा रहा है। इससे पेट्रोल की कीमतें 65 पैसे प्रति लीटर घट जाएंगी। मुंबई में इस समय पेट्रोल 104.21 रुपये प्रति लीटर में मिल रहा है। वहीं, डीजल 92.15 रुपये प्रति लीटर में मिल रहा है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow