यूपी: हाथरस में सत्संग के दौरान बड़ा हादसा, भगदड़ मचने से 120 की मौत, बढ़ सकता है मृतकों का आंकड़ा

Jul 3, 2024 - 00:49
 0  29
यूपी: हाथरस में सत्संग के दौरान बड़ा हादसा, भगदड़ मचने से 120 की मौत, बढ़ सकता है मृतकों का आंकड़ा

हाथरस। उत्तर प्रदेश के हाथरस में आज दर्दनाक हादसा हुआ। बाबा के सत्संग के दौरान भगदड़ मचने से दर्दनाक हादसा हुआ है। मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। अभी तक 120 लोगों की मौत हो गई। एटा और आगरा के अस्पतालों में घायलों को भर्ती कराया गया है। 

जानकारी के मुताबिक, 100 से अधिक श्रद्धालु घायल हैं। इसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। प्रशासन के मुताबिक, अभी मरने वालों का आंकड़ा और बढ़ सकता है। बता दें कि हाथरस जनपद अलीगढ़ मंडल का हिस्सा है। यहीं पर यह दर्दनाक हादसा हुआ है। घटनास्थल पर पुलिस प्रशासन मौजूद है। डीएम आशीष कुमार ने घटना उच्च स्तरीय जांच कमेटी का गठन भी कर दिया है।

बता दें कि रतिभानपुर में एक बाबा के सत्संग के दौरान अचानक भगदड़ मच गई, भगदड़ के बाद लोग इधर उधर भागने लगे। भीड़ ज्यादा और जगह कम होने की वजह से लोग एक दूसरे पर गिरने लगे। इसमें कई महिलाएं और बच्चे भी घायल हो गए। प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि रतिभानपुर गांव में आयोजित सत्संग में हजारों लोग बाबा के प्रवचन सुनने के लिए इकट्ठा हुए थे। अचानक किसी अज्ञात कारण से भगदड़ मच गई, जिससे अफरातफरी का माहौल बन गया। इस भगदड़ में कई लोग जमीन पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे में घायलों को मेडिकल कॉलेज एटा भेजा गया है।

हाथरस हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेताओं ने दुख जताया है। सीएम योगी एक्स पर लिखा कि जनपद हाथरस की दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दु:खद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों के युद्ध स्तर पर संचालन और घायलों के समुचित उपचार हेतु निर्देश दिए हैं।

घटना के बाद एटा और आगरा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में घायलों को भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, 100 से अधिक घायलों को इन दोनों अस्पतालों में दाखिला कराया गया है। घायल महिलाओं और बच्चे भी शामिल हैं। जिला प्रशासन ने अस्पतालों में बेहतर इलाज के लिए अस्पताल प्रबंधनों को दिशा निर्देश भी दिए हैं।

पीएम मोदी ने हादसे पर कहा है कि यूपी के हाथरस में जो भगदड़ हुई, उसमें अनेकों लोगों की मृत्यु की खबर आ रही है। जिन लोगों की जान गई है, मैं उन लोगों के लिए संवेदना व्यक्त करता हूं। मैं सभी लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। केंद्र लगातार राज्य सरकार के संपर्क में है। मैं भरोसा देता हूं कि पीड़ितों की हर तरह से मदद की जाएगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow