झारखंड: एनडीए में हुआ सीटों का बंटवारा, 68 पर चुनाव लड़ेगी भाजपा, आजसू-जदयू और लोजपा को इतनी सीटें

Oct 18, 2024 - 14:57
 0  16
झारखंड: एनडीए में हुआ सीटों का बंटवारा, 68 पर चुनाव लड़ेगी भाजपा, आजसू-जदयू और लोजपा को इतनी सीटें

नई दिल्ली। झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर एनडीए में सीटों का बंटवारा हो गया है। असम के सीएम और बीजेपी झारखंड चुनाव सह-प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा ने बताया कि बीजेपी 68, आजसू 10, लोजपा 1, जेडीयू 2 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। 

झारखंड भाजपा प्रभारी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा-जदयू-आजसू और लोजपा (आर) साथ मिलकर झारखंड विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे। पार्टियों के बीच सीटों का बंटवारा हो गया है और जल्द ही उम्मीदवारों का भी एलान कर दिया जाएगा। 

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, झारखंड विधानसभा की जिन 10 सीटों पर आजसू चुनाव लड़ेगी, उनमें सिल्ली, रामगढ़, गोमिया, इचागढ़, मांडू, जुगसलिया, डुमरी, पाकुड़, लोहरदगा, मनोहरपुर शामिल हैं। वहीं जदयू जमशेदपुर पश्चिम और तमाड़ सीट पर चुनाव लड़ेगी। चतरा विधानसभा सीट चिराग पासवान के नेतृत्व वाली लोजपा रामविलास को दी गई है। 

बता दें कि झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए दो चरणों में 13 नवंबर और 20 नवंबर को मतदान होगा। वहीं 23 नवंबर को नतीजों का एलान किया जाएगा। पहले चरण में राज्य की 43 विधानसभा सीटों पर और दूसरे चरण में 38 सीटों पर मतदान होगा। झारखंड में एनडीए का मुकाबला झामुमो के नेतृत्व वाली इंडी गठबंधन से होगा, जिसमें झामुमो, कांग्रेस, राजद शामिल हैं। 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow