एक्टर विजय की रैली में मची भगदड़, 31 लोगों की मौत, 40 से ज्यादा घायल

चेन्नई। तमिलनाडु के करूर जिले में एक्टर विजय की रैली में भगदड़ मचने से कई लोगों की मौत की आशंका है। तमिलगा वेट्री कषगम के नेता और एक्टर विजय ने इस रैली का आयोजन किया था। रैली के दौरान अचानक भगदड़ मच गई। हताहत होनेवालों महिलाओं और बच्चे भी शामिल हैं।
भगदड़ के बाद अब तक कम से कम 31 लोगों की मौत होने की खबर सामने आ रही है और 40 ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। विजय की रैली में बड़ी संख्या में भीड़ जुटी थी। प्रशासन ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि, मौत का आंकड़ा बढ़ भी सकता है।
यह दर्दनाक हादसा उस वक्त हुआ जब विजय एक विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। भीड़ लगातार बढ़ती जा रही थी और मंच के पास जमा लोगों की संख्या बेकाबू हो गई। गर्मी, घुटन और धक्का-मुक्की के चलते कई लोग बेहोश होकर गिर पड़े। जैसे ही यह स्थिति बनी, और मौके पर अफरा-तफरी फैल गई।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, कुछ लोग मदद के लिए चिल्लाने लगे, तब विजय ने मंच पर से स्थिति को भांपते हुए अपना भाषण तुरंत रोक दिया। उन्होंने प्रचार बस के ऊपर से पानी की बोतलें भीड़ की तरफ फेंककर पीड़ितों को राहत देने की कोशिश की। इसके बाद उन्होंने सभा को समय से पहले ही समाप्त कर दिया।
हालांकि, भारी भीड़ की वजह से एंबुलेंस को मौके तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय प्रशासन और पार्टी कार्यकर्ताओं की मदद से घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि कई लोग अब भी जीवन के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
इस हादसे ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। इतनी बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बावजूद, पर्याप्त मेडिकल सुविधाएं और आपातकालीन प्रबंधन व्यवस्था न होने की आलोचना हो रही है।
भाषण के दौरान विजय ने यह भी कहा कि तमिलनाडु की राजनीति में अगले छह महीनों में सत्ता बदल जाएगी। यह रैली विजय के 2026 विधानसभा चुनावों से पहले पूरे राज्य में चल रहे अभियान का हिस्सा थी। अधिकारियों और आयोजकों ने स्थिति को नियंत्रित किया और रैली बिना किसी और बाधा के समाप्त हो गई।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने घटना पर प्रतिक्रिया दी और कहा कि करुर से जो खबरें आ रही हैं, वे चिंता जनक हैं। उन्होंने कहा, मैंने निर्देश दिए हैं कि भीड़ में फंसे और बेहोश होने वाले लोगों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कर उनकी मेडिकल मदद की जाए। मैंने इस बारे में पूर्व मंत्री सेंथिल बालाजी, मंत्री सुब्रमणियन एमए और जिला कलेक्टर से बात की है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने जताया दुख
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि तमिलनाडु के करूर में एक राजनीतिक रैली के दौरान हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना बेहद दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं इस कठिन समय में उन्हें शक्ति प्रदान करने की कामना करता हूं। सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।