जालंधर में बोले पीएम मोदी- जहां कांग्रेस वहां समस्याएं, जहां भाजपा है वहां समाधान

May 25, 2024 - 01:07
 0  37
जालंधर में बोले पीएम मोदी- जहां कांग्रेस वहां समस्याएं, जहां भाजपा है वहां समाधान

नई दिल्ली। पंजाब के जालंधर में बीजेपी उम्मीदवारों के पक्ष में रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने अपने चहेते इतिहासकारों से जो इतिहास की किताबें लिखवाईं, उसमें दो परिवारों का जिक्र रहा- एक अपने परिवार का और दूसरा मुगल परिवारों का, नतीजा ये हुआ है कि देश की कितनी ही पीढ़ियां हमारे साहिबजादों के बलिदान से सही से परिचित ही नहीं हो पाईं। कांग्रेस को लगता था कि साहिबजादों की बात करेंगे तो वोटबैंक नाराज हो सकता है। 

अपनी उपलब्धियां गिनवाते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हमारी सरकार ने करतारपुर कॉरिडोर बनवाया। हमने दर्शन करने, शीश नवाने के लिए रास्ता खोला। पहले हरमंदिर साहिब में विदेशों से चंदे पर रोक थी। वो रोक हमने हटाई। हमारी सरकार ने गुरुओं के प्रकाश पर्व को पूरी श्रद्धा से देश-विदेश में मनाया।

पीएम मोदी ने कहा कि पंजाब हमारे भारत की पहचान है, ये हमारे गुरुओं की पवित्र भूमि है, लेकिन कांग्रेस ने पंजाब को कभी भी जमीन के टुकड़े से ज्यादा माना नहीं। कांग्रेस ने 1947 में अपने परिवार को सत्ता दिलाने के लिए पंजाब को बांट दिया। हमारा करतारपुर साहिब, देश की सीमा के ठीक बगल में है, लेकिन कांग्रेस ने उसे पाकिस्तान को सौंप दिया था।

पीएम मोदी ने कहा कि पहले देश में आतंकवाद का खतरा बढ़ता जा रहा था, आज मोदी सरकार ने आतंकवाद की कमर तोड़ दी है। पहले पाकिस्तान की हिम्मत बढ़ती जा रही थी, मोदी ने जब से घर में घुसकर मारा है, तब से पाकिस्तान भी कुछ करने से पहले 100 बार सोचता है। आज देश भी समझ रहा है, जहां तक कांग्रेस है समस्याएं हैं और जहां भाजपा है समाधान है।

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 10 साल में पहली बार देश ने एक नया दौर देखा है। कांग्रेस के समय में नई-नई समस्याएं पैदा होती थीं, मोदी ने पहली बार समस्याओं के हल निकाले हैं। कांग्रेस के समय, गरीबी का संकट गहराता जा रहा था, मोदी के समय में आज 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। कांग्रेस के समय, देश की अर्थव्यवस्था संकट में थी, आज पहली बार भारत, विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है।

आप पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि झाड़ू पार्टी ने कांग्रेस से आपातकाल का पाठ भी अच्छे से सीख लिया है। यह कांग्रेस की फोटो कॉपी पार्टी है, जो मीडिया हाउस इनकी धमकी के आगे झुक नहीं रहा उसपर मुकदमें करा रहे हैं, यही इनकी असलियत हैं। मैं अपने प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन करता हूं उन्होंने बीड़ा उठाया है कि भाजपा 'फ्रीडम ऑफ प्रेस' के खिलाफ झाड़ू वालों की बेईमानी नहीं चलने देगी।

पीएम मोदी ने कहा कि पंजाब देश का सीमावर्ती राज्य है हमें इसे दोबारा से संकट में नहीं जाने देना है। कांग्रेस ने दशकों तक यहां जो पाप किए थे, अब झाड़ू पार्टी कांग्रेस की उसी विष बेल को खाद, पानी दे रही है। इन्होंने कहा था कि ये 2 महीने में नशे के कारोबार को बंद करेंगे लेकिन आज पंजाब में ड्रग्स डीलर्स को पंजाब में फ्री लाइसेंस मिला है। पंजाब के लोग भी समझ गए हैं कि झाड़ू पार्टी वाले नशे के थोक व्यापारी हैं, जिन्होंने इतना बड़ा शराब घोटाला किया हो वे पंजाब की काली कमाई में डुबकी कैसे नहीं लगाएंगे? 

पीएम मोदी ने कहा कि देश में पांच चरण का मतदान हो चुका है। छठे चरण का मतदान भी कल होने जा रहा है। कल तक जो लोग भाजपा के खिलाफ गुब्बारा फुल रहे थे, उनका गुब्बारा भी फूट चुका है। अब कांग्रेस और इंडी गठबंधन वालों को कोई वोट देना नहीं चाहता। 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow