महाकुंभ में बना महारिकॉर्ड, 50 करोड़ श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में डुबकी

प्रयागराज। 45 दिनों तक चलने वाले महाकुंभ का आज यानी शनिवार को 34वां दिन है। आज और कल यानी रविवार को वीकेंड की वजह से भारी भीड़ रहेगी। शहर के रास्तों में फिर जाम लगा हुआ है। इधर शुक्रवार को महाकुंभ में रिकॉर्ड बन गया। पिछले 33 दिनों में 50 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु डुबकी लगा चुके हैं जबकि अभी 12 दिन अभी भी शेष है। 50 करोड़ श्रद्धालुओं के साथ यह इतिहास का सबसे बड़ा आयोजन बन चुका है।
संगम में साधु-संतों, श्रद्धालुओं, कल्पवासियों, स्नानार्थियों और गृहस्थों का स्नान उस ऊंचाई को पार कर गया है, जिसकी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उम्मीद जताई थी। सीएम योगी ने शुरुआत में 45 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना जताई थी। उनका यह आंकलन 11 फरवरी को ही सच साबित हो गया था। 14 फरवरी को ये संख्या 50 करोड़ के पार पहुंच गई। अभी महाकुंभ में 12 दिन और एक महत्वपूर्ण स्नान बचा है। इसको देखते हुए उम्मीद है कि ये संख्या 55 से 60 करोड़ के ऊपर जा सकती है।
वीकेंड को ध्यान में रखते हुए सीएम योगी ने गुरुवार शाम को अफसरों के साथ मीटिंग की। उन्होंने राजधानी लखनऊ में मीटिंग के दौरान अफसरों को निर्देश दिए कि सब खुद सड़क पर उतर जाए। हर स्तर पर जवाबदेही तय करें। प्रयागराज जाने वाले किसी भी रास्ते पर जाम नहीं लगना चाहिए। अगर जाम की स्थिति बनती है तो फिर ऐसे में अफसरों के खिलाफ जवाबदेही तय की जाएगी।
वहीं, महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं की अब तक की संख्या को देखा जाए तो केवल भारत और चीन की जनसंख्या ही यहां आने वाले श्रद्धालुओं से ज्यादा है। जबकि अमेरिका, नाइजीरिया, इंडोनेशिया, पाकिस्तान, रूस, ब्राजील, बांग्लादेश, और मैक्सिको की जनसंख्या भी इससे कहीं पीछे है। ये बताता है कि महाकुंभ केवल एक पर्व नहीं बल्कि सनातन धर्म के विराट रूप का प्रतीक है।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी 16 फरवरी को संगम में डुबकी लगाएंगे। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक दोनों भाई-बहन के पहुँचने का प्रोग्राम लगभग फाइनल हो गया है। उनके आने की तैयारियां की जा रही है। बता दें कि मल्लिकार्जुन खड़गे के महाकुंभ पर विवादित बयान के बाद भी कई कांग्रेस नेता अब तक डुबकी लगा चुके हैं। सपा मुखिया अखिलेश यादव भी महाकुंभ जाकर संगम में स्नान कर चुके हैं।