विदेश

श्रीलंकाई सरकार का बड़ा फैसला, भारतीय पर्यटकों को नहीं देना हो वीजा शुल्क

नई दिल्ली। श्रीलंकाई कैबिनेट ने मंगलवार को भारत समेत सात देशों के लिए वीजा को मुफ्त करने का ऐलान किया है। इस पायलट प्रोजेक्ट के तहत भारत, चीन, रूस, मलेशिया, जापान, इंडोनेशिया और थाईलैंड के नागरिकों के लिए 31 मार्च तक वीजा फ्री एंट्री मिलेगी। श्रीलंका के विदेश मंत्री अली साबरी ने इसकी जानकारी दी।

उन्होंने अपने एक बयान में कहा कि इसे 31 मार्च, 2024 तक प्रायोगिक परियोजना के तहत लागू किया जाएगा। कैबिनेट ने भारत, चीन, रूस, मलेशिया, जापान, इंडोनेशिश और थाईलैंड के यात्रियों के लिए तत्काल प्रभाव से मुफ्त प्रवेश की इजाजत दे दी है। इन देशों के पर्यटकों को बिना किसी शुल्क के वीजा मिल सकेगा।

मंत्री के अनुसार, पायलट प्रोजेक्ट जो आरंभ हुआ है इसे अब 31 मार्च, 2024 तक बढ़ा दिया जाएगा। इससे पहले मार्च में, श्रीलंकाई विदेश मंत्री अली साबरी ने कहा था कि भारत के साथ उनके देश के रिश्ते हमारी विदेश नीति में सबसे अहम रहे हैं।

साल 2019 में ईस्टर के मौके पर हुए बम धमाकों के बाद से श्रीलंका में पर्यटकों की कमी देखने को मिल रही थी। इस धमाके में 11 भारतीयों समेत 270 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं 500 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे।

Share With