
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में आतंकी संगठन बब्बर खालसा के दो आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है। इन आतंकियों को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया है। खबर है कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और आतंकियों के बीच गोलियां भी चलीं, इसके बाद आतंकियों को गिरफ्तार किया गया। आतंकियों ने पुलिस को देखकर पहले फायरिंग की थी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की।
इन्हें उत्तरी दिल्ली की निरंकारी कॉलोनी के पास से गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बब्बर खालसा इंटरनैशनल के पकड़े गए आतंकवादियों का नाम भुपिंदर उर्भ दिलावर सिंह तथा कुलवंत सिंह है। दोनो पंजाब के लुधियाना के रहने वाले हैं। दोनों आतंकवादियों को गिरफ्तार करने के लिए जब दिल्ली पुलिस पहुंची तो उन्होंने पुलिस पर फायर किया। लेकिन, पुलिस दोनों को पकड़ने में कामयाब रही।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस को दोनों आतंकवादियों से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद हुए हैं। पकड़े गए आतंकवादियों से 6 पिस्टल और 40 कारतूस भी बरामद किए गए हैं। दोनों आतंकवादी पंजाब में कई मामलों में वांछित हैं। मिली जानकारी के अनुसार, इन दोनों आतंकियों के निशाने पर दिल्ली और पंजाब के कई नेता थे।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पिछले महीने इस्लामिक स्टेट के एक आतंकी को भी गिरफ्तार किया था। धौला कुआं रिज रोड एनकाउंटर के बाद अबू यूसुफ नाम के आंतकी को पकड़ा गया था। उसके पास इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) समेत कई हथियार मिले थे। आईएसआईएस के आतंकियों ने दिल्ली में लोन वुल्फ अटैक का प्लान बनाया था। इनके निशाने पर दिल्ली की कोई बड़ी शख्सियत थी। ये दिल्ली में बड़ा आतंकी हमला करने की योजना में थे।