
नई दिल्ली। सामाजिक कार्यकर्ता और हरियाणा सरकार में पूर्व शिक्षा मंत्री स्वामी अग्निवेश का शुक्रवार को निधन हो गया। वह 80 वर्ष के थे। आर्य समाज के अग्रणी नेता को मंगलवार को तबीयत बिगड़ने के बाद दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। लिवर सिरोसिस से पीड़ित अग्निवेश के कई प्रमुख अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। वह दिल्ली के इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बायिलरी सांइसेज में इलाज करवा रहे थे।
ILBS ने स्वामी अग्निवेश के निधन की पुष्टि करते हुए कहा कि उन्हें शुक्रवार शाम 6 बजे कार्डियक अरेस्ट हुआ। उन्हें बचाने की भरपूर कोशिश की गई, लेकिन ऐसा संभव नहीं हो सका। उन्होंने शाम 6.30 बजे अंतिम सांस ली। स्वामी अग्निवेश के फेसबुक पेज पर बताया गया कि उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए नई दिल्ली के 7 जंतर-मंतर रोड कार्यालय पर शनिवार सुबह 11 से 2 बजे तक रखा जाएगा। उनका अंतिम संस्कार वैदिक रीति से अग्निलोक आश्रम, बहलपा जिला गुरुग्राम में शाम चार बजे किया जाएगा।
अग्निवेश ने 1970 में आर्य सभा नाम की एक राजनीति पार्टी बनाई थी। 1977 में वह हरियाणा विधासनभा में विधायक चुने गए और हरियाणा सरकार में शिक्षा मंत्री भी रहे थे। 1981 में उन्होंने बंधुआ मुक्ति मोर्चा नाम के संगठन की स्थापनी की थी। अग्निवेश ने 2011 में अन्ना हजारे की अगुवाई वाले भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन में भी हिस्सा लिया था। स्वामी अग्निवेश ने रियलिटी शो बिग बॉस में भी हिस्सा लिया था। वह 8 से 11 नवंबर के दौरान तीन दिन के लिए बिग बॉस के घर में भी रहे थे।