पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद का निधन

नई दिल्ली। बिहार के दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह का निधन हो गया है। दिल्ली एम्स में उन्होंने आखिरी सांस ली। वह फेफड़े में संक्रमण को लेकर दिल्ली एम्स में भर्ती थे लेकिन हालत खराब होने के बाद रघुवंश प्रसाद सिंह को वेंटिलेटर पर रखा गया था। बता दें कि उन्होंने तीन दिन पहले ही लालू प्रसाद के राष्ट्रीय जनता दल से इस्तीफा देकर बिहार की राजनीति में हलचल पैदा कर दी थी।

रघुवंश प्रसाद सिंह पिछले दिनों कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। जिन्हें इलाज के लिए पटना एम्स में भर्ती कराया गया था। कोरोना से जंग जीतने के बाद वह घर लौटे थे। फिर रघुवंश प्रसाद निमोनिया के शिकार हो गए। जिन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया। एम्स के डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज कराया जा रहा था।

पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह की पहचान बिहार के कद्दावर नेता के तौर पर होती थी। रघुवंश प्रसाद लगातार चार बार वैशाली से सांसद रहे। 1977 से लगातार सियासत में रहे। 1991 में बिहार विधान परिषद के सदस्य बने थे। मनमोहन सिंह सरकार में ग्रामीण विकास मंत्री रहे थे। राजद पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष थे। तीन दिन पहले ही उन्होंने राजद से इस्तीफा दिया था।

Share With

Chhattisgarh