देश

प्रियंका गांधी की पीएम मोदी को चुनौती, कहा- आप दुष्‍कर्म, रोजगार जैसे मुद्दों पर बोलकर दिखाइए…

रांची। अपने पहले प्रचार दौरे पर झारखंड पहुंची कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने अर्थव्यवस्था के हर मोर्चे पर विफल होने के बाद नए-नए कानून लाकर मुख्य मुद्दे से ध्यान भटकाने का केंद्र की मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश में बढ़ती बेरोजगारी, भूख, बलात्कार, भ्रष्टाचार और गायब रोजगार पर जवाब देने की चुनौती दी।

दरअसल पीएम मोदी की तरफ से झारखंड में ही चुनावी रैली के दौरान कांग्रेस को चुनौती दी गई थी कि, हिम्मत है तो खुलेआम ऐलान करें कि हर पाकिस्तानी नागरिक को भारतीय नागरिकता देंगे। इसके जवाब में प्रियंका ने पीएम मोदी को चुनौती देते हुए कहा कि, आप देश के प्रधानमंत्री हैं या बंटवारे के प्रधानमंत्री हैं, इस पर बोलिए। प्रियंका ने कहा कि, प्रधानमंत्री को चुनौती देती हूं कि सीएनटी एसपीटी पर बोलिए, दुष्‍कर्म पर बोलिए, गायब रोजगार पर बोलिए।

उन्होंने कहा कि, बीजेपी सरकार और पीएम मोदी हर मोर्चे पर फेल हो चुके हैं। अपनी खामियों को छिपाने के लिए कांग्रेस का बहाना बनाते हैं। झारखंड के पाकुड़ में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमले किए। प्रियंका गांधी ने कहा कि जल-जंगल-जमीन आपकी है । आप सिद्हो कान्‍हो की धरती से हैं। ये चुनाव झारखंड के अस्तित्‍व बचाने का चुनाव है। बीजेपी की सरकार आपकी आत्‍मा पर हमला कर रही है। भाजपा अंधी हो चुकी है, आदिवासी संस्‍कृति पर वार कर वह आपको बर्बाद करना चाहती है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि रोजगार से लेकर महंगाई हर मोर्चे पर पीएम मोदी फेल हो गए हैं और रोज नया कानून ला रहे हैं। प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी को चर्चा करने तक की चुनौती दे दी। देशभर में हो रहे दुष्‍कर्म पर प्रियंका गांधी ने कहा कि ये लोग महिलाओं की सुरक्षा के प्रति गैर जवाबदेह हैं। बीजेपी के एक विधायक ने यूपी के उन्नाव में एक बच्ची का बलात्कार किया। बीजेपी के लोग उस पर कार्रवाई करने के बजाय उसे बचाने में लगे हुए थे। झारखंड में एक दुष्‍कर्म के आरोपी के साथ प्रधानमंत्री मोदी मंच साझा करते हैं, लेकिन मोदी जी इन सब पर कुछ नहीं बोलते हैं।

Share With