
लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज लखनऊ दौरे पर हैं। प्रियंका गांधी ने लखनऊ पुलिस पर गला दबाने और धक्का देकर गिराने के गंभीर आरोप लगाए हैं। दरअसल, नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में हुई हिंसा भड़काने तथा अन्य आरोप में पुलिस ने पूर्व आईपीएस एस.आर. दारापुरी, सोशल ऐक्टिविस्ट तथा कांग्रेस प्रवक्ता सदफ जफर को गिरफ्तार किया हुआ है। एस.आर. दारापुरी और सदफ जफर की फैमिली से मिलने जा रहीं प्रियंका गांधी को रास्ते में पुलिस ने रोक लिया।
इस दौरान प्रियंका ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, रास्ते में पुलिस की गाड़ी अचानक आगे आई और रोक लिया। पुलिस ने कहा कि जाने नहीं देंगे। मैं उतरकर पैदल चलने लगी तो पुलिस ने घेरा बनाकर मेरा गला दबाया और धक्का देकर गिराया। मेरे साथ बदसलूकी हुई। इसके बाद मैं पार्टी के एक कार्यकर्ता के साथ स्कूटी पर बैठकर जाने लगी तो फिर पुलिस ने रोका।
उपद्रव मामले में गिरफ्तार सदफ जफर की जमानत अर्जी को कोर्ट खारिज कर चुकी है। सदफ जफर ने अर्जी में कहा था कि वह निर्दोष हैं और उन्होंने कोई अपराध नहीं किया है। अदालत ने जमानत अर्जी खारिज करते हुए कहा कि जिन अपराधों में उनका चालान किया गया है, वह गंभीर प्रकृति के हैं। ऐसे में उन्हें जमानत का अधिकार नहीं है। सदफ ने गिरफ्तारी के बाद पुरुष पुलिसकर्मियों के द्वारा मारपीट का भी आरोप लगाया है।