
नई दिल्ली। साउथ दिल्ली इलाके में एक पिज्जा डिलिवरी करने वाले शख्स की लापरवाही 72 लोगों पर भारी पड़ गई है। यहां पिज्जा डिलीवरी करने वाला एक कर्मचारी कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है।
दिल्ली स्वास्थ मंत्री सत्येन्द्र जैन ने बताया कि एक पिज्जा डिलीवरी ब्वॉय कोरोना से संक्रमित पाया गया हैं, उसके लिंक में जितने भी लोग थे उनमें से 17 लोगों को इंस्टीट्यूशनल क्वारेंटाइन में रखा गया है, जबकि 72 लोगों को होम क्वारेंटाइन में रखा गया है।
साउथ दिल्ली जिले के डीएम बीएन मिश्रा ने गुरुवार को बताया कि डिलीवरी ब्वॉय के संपर्क में 72 लोग आए थे। अभी तक इन लोगों का टेस्ट नहीं किया गया है। सभी लोगों को होम क्वारेंटाइन किया गया है। अगर इन लोगों में कोरोना के लक्षण मिलते हैं तो इनकी जांच की जाएगी।
अधिकारियों ने इन सभी 72 लोगों की पहचान गुप्त रखी है। डिलीवरी ब्वॉय मार्च के अंतिम सप्ताह तक ड्यूटी पर था और पिछले सप्ताह ही इसका कोरोना टेस्ट रिजल्ट पॉजिटिव आया है।
अधिकारियों ने कहा कि वह पहले डायलिसिस के लिए एक अस्पताल का गया था और माना जा रहा है कि इसी दौरान वह संक्रमित हुआ होगा।
वहीं, भारत में कोरोना वायरस महामारी के मामले बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा गुरुवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार, देश में Covid-19 संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 12,380 हो गई है।
मंत्रालय ने कहा, वर्तमान में 10,477 लोग महामारी से पीड़ित हैं, जबकि इलाज के बाद पूर्ण रूप से स्वस्थ हुए कुल 1488 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। Covid-19 के चलते देशभर में 414 लोगों की मौत हो चुकी है।
दिल्ली में स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। यहां कुल 1578 व्यक्ति इस वायरस से संक्रमित हुए, जिनमें से 40 को छुट्टी दे दी गई है और 32 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है।