
नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा को जम्मू कश्मीर का नया उपराज्यपाल बनाया गया है। वह जीसी मुर्मु की जगह लेंगे। जीसी मुर्म ने बुधवार को अपना इस्तीफा दिया था। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने जीसी मुर्मु का इस्तीफा स्वीकार कर मनोज सिन्हा को जम्मू कश्मीर का उपराज्यपाल बनाए जाने को अपनी मंजूरी दे दी है।
जम्मू कश्मीर को 5 अगस्त 2019 को केंद्र शासित प्रदेश बनाया गया था। जीसी मुर्म राज्य के पहले उपराज्यपाल नियुक्त किए गए थे। मुर्मू का इस्तीफा ऐसे दिन आया है, जब (पूर्ववर्ती राज्य) जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले संविधान के अनुच्छेद 370के अधिकतर प्रावधानों को समाप्त किए जाने का एक साल पूरा हुआ है। गुजरात कैडर के 60 वर्षीय पूर्व आईएएस अधिकारी ने पिछले साल 29 अक्टूबर को इस केंद्र शासित प्रदेश के प्रथम एलजी के रूप में कार्यभार संभाला था।
मनोज सिन्हा पूर्व में गाजीपुर से सांसद रहे हैं और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के बड़े चेहरे हैं। हालांकि, 2019 का लोकसभा चुनाव वो हार गए थे, जिसे एक बड़ा झटका माना गया था। मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में मनोज सिन्हा मंत्री रह चुके हैं और उनके पास रेलवे के राज्यमंत्री और संचार राज्यमंत्री का कार्यभार था।
उत्तर प्रदेश के 2017 के विधानसभा चुनाव में जब भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक जीत मिली थी, तब मनोज सिन्हा ही मुख्यमंत्री पद की रेस में सबसे आगे थे। वो दिल्ली से वाराणसी पूजा करने पहुंच गए थे और उम्मीद में थे कि मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। लेकिन पार्टी की ओर से योगी आदित्यनाथ को आगे किया गया। मनोज सिन्हा की गिनती प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भरोसेमंद नेताओं में होती है। ऐसे में अब एक बार फिर केंद्र सरकार की ओर से मनोज सिन्हा को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।