मध्यप्रदेश

मध्य प्रदेश: आज होगा शिवराज मंत्रिमंडल का गठन, इतने मंत्री ले सकते शपथ

भोपाल। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मंत्रिमडल का मंगलवार को गठन होने वाला है। 5 मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना है। सूत्रों का कहना है कि मंगलवार को 5 मंत्री शपथ ले सकते हैं।

शपथ ग्रहण समारोह राजभवन में दोपहर 12 बजे होने की संभावना है। मंत्रिमंडल छोटा होगा और 5 मंत्री ही शपथ लेंगे। इसमें 2 मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक हो सकते हैं।

राज्य में कांग्रेस के 22 विधायकों द्वारा बगावत कर विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिए जाने के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री कमल नाथ को 20 मार्च को पद से इस्तीफा देना पड़ा था और भाजपा ने सरकार बनाने का दावा पेश किया था।

इसके बाद 23 मार्च की रात को शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उसके बाद से ही मंत्रिमंडल गठन के कयास लगाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज भी इशारों में छोटा मंत्रिमंडल गठित किए जाने की बात कह चुके हैं।

शिवराज ने 23 मार्च को राजभवन में सादे समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। कोरोना संकट को देखते हुए उन्होंने अकेले शपथ ली थी। बिना मंत्रिमंडल के ही शिवराज लगातार कोरोनावायरस संकट के दौरान काम करते रहे हैं और इसे लेकर वे विपक्ष के निशाने पर भी आए।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कुछ दिन पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया था कि देश का इकलौता राज्य है, जहां कोरोना संकट में स्वास्थ्य मंत्री और गृहमंत्री नहीं है।

दिसंबर 2018 में हुए विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस 15 साल बाद सत्ता में आई थी, लेकिन वरिष्ठ नेता सिंधिया और उनके समर्थक विधायकों के कांग्रेस से बगावत के कारण तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ को लगभग एक माह पहले 20 मार्च को त्यागपत्र देना पड़ा था।

Share With