
नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने कोरोना महामारी के बारे में सही समय पर लोगों को सही जानकारी उपलब्ध कराने के लिए मंगलवार को ‘कोविड इंडिया सेवा’ की शुरुआत की।
डॉ हर्षवर्धन ने कहा कि कोविड-19 महामारी की स्थिति में ‘कोविड इंडिया सेवा’ का शुभारंभ किया गया। इसके माध्यम से लाखों भारतीयों के साथ संचार का सीधा चैनल स्थापित करने के लिए एक परस्पर संवाद का मंच प्रदान होगा।
इस पहल से ही कोविड-19 की महामारी के कठिन समय में पारदर्शी ई-गवर्नेंस डिलीवरी को सक्षम बनाने और लोगों के प्रश्नों का उत्तर देने में सक्षम हुआ जा सकेगा। इसके माध्यम से लोग कोरोना संक्रमण के बारे में सही समय में सही जानकारी हासिल कर सकेंगे।
‘कोविड इंडिया सेवा’ कोविड-19 को लेकर लोगों को जोड़ने के लिए एक इंटरैक्टिव प्रोग्राम है। इसका उद्देश्य वास्तविक समय में ई-गवर्नेंस डिलीवरी को सक्षम करना और नागरिकों के सवालों का जवाब देना है।
गौरतलब है कि देश में कोरोना से संक्रमित लोगों का आंकड़ा 18 हजार के पार पहुंच गया है। देश में अब तक 3252 लोग ठीक हुए हैं जिसमें से 705 लोग कल ठीक हुए हैं जिसके बाद ठीक होने वालों का प्रतिशत बढ़कर 17.48 हो गया है। 24 घंटे में 1336 केस आए हैं जिसके बाद संक्रमितों की संख्या 18601 हो गई है।