
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने बुधवार को स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। जिसमें पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह समेत कई नेता शामिल हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव में पार्टी के 40 स्टार प्रचारक लोगों से पार्टी के पक्ष में वोट देने की अपील करते नजर आएंगे।
स्टार प्रचारकों में पार्टी के बड़े नेताओं के साथ साथ कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी शामिल किया गया है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ, पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह, राज्यस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत 40 स्टार प्रचारक करेंगे दिल्ली में पार्टी का प्रचार करेंगे। इसके पहले कांग्रेस ने श्री बघेल को झारखंड और महाराष्ट में भी चुनाव प्रचार के लिए स्टार प्रचारक बनाया था।
बता दें कि दिल्ली में छत्तीसगढ़ के लोग भारी तादात में रहकर रोजी-रोटी कमाते हैं। ऐसे में भूपेश बघेल की आवाज वहां कांग्रेस के लिए काफी फायदेमंद साबित होगी। दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस द्वारा भूपेश बघेल को स्टार प्रचारक बनाये जाने से समर्थकों में हर्ष है। दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 8 फरवरी को होगा।