
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है। प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार में मंत्री चेतन चौहान की मौत हो गई है। कोरोना से संक्रमित होने के बाद चेतन चौहान को गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। मेदांता हॉस्पिटल में ही इलाज के दौरान किडनी फेल होने के चलते रविवार को उनका निधन हो गया।
इससे पहले 2 अगस्त को यूपी सरकार में मंत्री कमल रानी वरुण का भी कोरोना के चलते निधन हो गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहयोगी मंत्री के निधन पर दुख जताया है। अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित हो चुके चेतन चौहान भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी रहे हैं।
इसके अलावा वह 1991 से 1998 तक सांसद भी रहे हैं। बीजेपी में शामिल होने के बाद वह यूपी की सरकार में सैनिक कल्याण, होमगार्ड्स, प्रांतीय रक्षक दल और नागरिक सुरक्षा मंत्री बने थे। फिलहाल उनकी उम्र 73 वर्ष की थी। चेतन चौहान उत्तर प्रदेश के अमरोहा से ही सांसद भी रहे हैं। वर्तमान में वह अमरोहा की नोगांवा सहादात सीट से विधायक थे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी चेतन चौहान के निधन पर दुख जताया है। पीएम मोदी ने कहा, चेतन चौहान जी ने खुद को पहले एक शानदार क्रिकेटर और बाद में बेहतरीन राजनेता के रूप में साबित किया। उन्होंने जनसेवा के साथ-साथ यूपी में बीजेपी को मजबूत करने का काम किया। उनके निधन से काफी दुख हुआ। उनके परिवार को समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्री के निधन पर शोक व्यक्त किया है। इसके अलावा प्रदेश के मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह, मोहसिन राजा और राजेंद्र प्रताप ने भी शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवदेना व्यक्त की।
वहीं दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी सांसद और पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने भी ट्विट कर चेतन चौहान के निधन पर शोक व्यक्त किया है। गौतम गंभीर ने लिखा, चेतन चौहान जी के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। खेल के साथ-साथ प्रशासन में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। भगवान उनके परिवार और प्रियजनों को शक्ति दे।
चेतन चौहान ने भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 40 टेस्ट मैच खेले और उन्होंने लंबे समय तक सुनील गावस्कर के साथ ओपनिंग की। वह डीडीसीए के प्रेसिडेंट, वाइस प्रेसिडेंट और चीफ सिलेक्टर भी बने। उन्होंने गावस्कर के साथ 59 मैचों में 3022 रन बनाए। इसमें 10 शतक भी शामिल थे। उन्होंने सात वनडे मैच भी खेले।