देश

भाजपा ने देश के धर्मनिरपेक्ष स्वरूप को खतरे में डाल दिया है: शशि थरूर

नई दिल्ली। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने यहां लोकसभा में राष्ट्रपति अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए सत्ता पक्ष पर जोरदार हमला किया। भाजपा कहती है ‘सबका साथ, सबका विकास’ पर उनके पास विकास का कोई एजेंडा नहीं होने के चलते भारतीय जनता पार्टी अब एक ‘हिंदू राष्ट्र’ बनाना चाहती है। असली ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ सत्ताधारी पार्टी है, जो देश को टुकड़ों-टुकड़ों में बांट रही है।

उन्होंने कहा कि सत्ताधारी पार्टी के एजेंडे में विकास नहीं है, इसलिए ये हिंदू राष्ट्र बनाने के अपने एजेंडे को पूरी तरह लागू कर रही है। देश को हिन्दू, मुसलमान, देशद्रोही-देशभक्त आदि के खांचों में बांटना चाहती है और उसने देश के धर्मनिरपेक्ष स्वरूप को खतरे में डाल दिया है।

थरूर ने कहा कि सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास के नारे के साथ सत्ता में आये सत्ता पक्ष गैरकानूनी गतिनिधि निरोधक कानून, जम्मू कश्मीर पुनर्गठन कानून, नागरिकता संशोधन कानून, सदन में राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर को लेकर दिये गये बयानों से बड़ी मुश्किल से हासिल आजादी को खतरे में डाल दिया है।

उन्होंने कहा कि क्या खायें, क्या पीयें और क्या बोलें, इसकी आजादी भी छीनी जा रही है। सत्तापक्ष में हमारी विरासत को समझने एवं आगे ले जाने का विजन ही नहीं है। अभिभाषण में गांधी जी का सीमित बयान दिया गया और इस प्रकार से राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रपिता का अपमान कराया गया। उन्होंने कहा कि क्या हम अपने बच्चों के लिए एक विभाजित एवं टूटे हुए हिन्दुस्तान को छोड़ कर जाएंगे। इतिहास सत्तापक्ष के इस चरित्र को उजागर करेगा।

Share With