देश

लोकसभा में बोले अधीर रंजन चौधरी- महात्मा गांधी को गाली देने वाले रावण का औलाद

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने एक बार फिर अभद्र टिप्पणी की है। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने महात्मा गांधी को गाली देने वालों को ‘रावण का औलाद’ बताया। भाजपा नेता अनंत हेगड़े की महात्मा गांधी पर की गई टिप्पणी पर कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि आज ये (भाजपा नेता) महात्मा गांधी को गाली देते हैं। ये रावण की औलाद हैं। ये लोग राम के पुजारी का अपमान कर रहे हैं।

संसद की कार्यवाही शुरू होने के साथ ही हेगड़े की टिप्पणी को लेकर हंगामा हुआ। इसके चलते कार्यवाही को दोपहर तक स्थगित भी करना पड़ा। हेगड़े ने रविवार को कहा था कि महात्मा गांधी का स्वतंत्रता आंदोलन एक नाटक था। इस पर विपक्षी सांसदों ने ‘भाजपा पार्टी, गोडसे पार्टी’ के पोस्टर लहराए।

संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने लोकसभा में कहा कि हम भाजपा के लोग सही मायने में गांधी के भक्त हैं। हम लोग ही गांधी के सच्चे अनुयायी हैं। ये (कांग्रेस नेता) सोनिया और राहुल गांधी की तरह गांधी के नकली अनुयायी हैं।

बजट सत्र के चौथे दिन भाजपा नेता और गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने पहली बार एनआरसी पर बयान दिया। उन्होंने लोकसभा में कहा कि सरकार ने अभी तक एनआरसी को राष्ट्रीय स्तर पर लागू करने के बारे में कोई फैसला नहीं लिया है।

बंगाल से भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी ने कहा, हमारे राज्य में तो यह स्थिति है कि लोगों को सरस्वती पूजा करने की इजाजत नहीं है। यह ऐसा ही है जैसे पाकिस्तान में हिंदुओं को पूजा करने का अधिकार नहीं है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नफरत की राजनीति कर रही हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले भी अधीर रंजन चौधरी कई ऐसे बयान दे चुके हैं, जो कि विवाद का कारण बन चुके हैं। अधीर रंजन ने इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह को ‘घुसपैठिया’ बताया था।

Share With