राज्य

मुंबई में 53 पत्रकार कोरोना संक्रमित

मुंबई। भारत में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। महाराष्ट्र सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। मुंबई में अब 53 पत्रकार भी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इन सभी को आइसोलेशन में रखा गया है। जिनमें से अधिकतर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े हुए हैं। पत्रकारों की एक असोसिएशन के पदाधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। मुंबई में हाल ही में 171 पत्रकारों के सैंपल लिए गए थे।

टीवी जर्नलिस्ट असोसिएशन के अध्यक्ष विनोद जगदाले ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा कि अभी तक प्राप्त परीक्षण रिपोर्ट की संख्या उपलब्ध नहीं है, मगर करीब 53 पत्रकार कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। विनोद ने कहा कि इस आंकड़े के और भी ऊपर जाने की आशंका है।

बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के एक अधिकारी ने कहा कि अधिकांश मामलों में कोई लक्षण देखने को नहीं मिले हैं और अब इन सभी को घरों में ही क्वारंटीन में भेजा गया है। उन्होंने बताया कि कई अन्य लोगों की टेस्ट रिपोर्ट आनी अभी बाकी है।

गौरतलब हो कि महाराष्ट्र में कोरोना का कहर बढ़ता ही जा रहा है। रविवार को राज्य में रिकॉर्ड 552 मामले सामने आए और 12 लोगों की मौत हुई। राज्य में अबतक 4200 से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं। 

बता दें कि देशभर में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 1553 नए मामले सामने आए हैं और 36 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 17,656 हो गई है और इस वायरस से 559 लोगों की मौत हो चुकी है। 

Share With