
लखनऊ। मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन का लखनऊ के मेदांता अस्पताल में सुबह 5.35 बजे निधन हो गया। उनके निधन से राजनीतिक गलियारे मे शोक की लहर दौड़ गयी है।
वे 85 वर्ष के थे और उन्हें 11 जून को स्वास्थ खराब होने के बाद अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, तभी से वे अस्पताल में भर्ती थे। उनका पार्थिव शरीर त्रिलोकनाथ रोड स्थित सरकारी बंगले पर जाएगा। दोपहर 12 बजे पार्थिव शरीर को चौक स्थित आवास सोंधी टोला ले जाया जाएगा।
शाम 4:30 बजे गोमती तट गुलाला घाट पर लालजी टंडन को अंतिम विदाई दी जाएगी। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
भोपाल में हुई कैबिनेट की बैठक में सीएम सहित सभी मंत्रियों ने कैबिनेट की राज्यपाल को श्रद्धांजलि दी और प्रदेश में 5 दिन के राजकीय शोक की घोषणा की। इसके बाद उनेक सम्मान में आज शासकीय कार्यालय बंद रखने की घोषणा की।
सीएम शिवराज और मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा आज लालजी टंडन को श्रद्धांजलि अर्पित करने लखनऊ जाएंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी लखनऊ आएंगे और चौक स्थित आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।