
नई दिल्ली। दिल्ली में एक बार फिर दरिंदों ने एक मासूम बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया है। पश्चिम विहार के पीरागढ़ी इलाके में एक 12 साल की बच्ची के साथ कुछ लोगों ने दुष्कर्म किया और विरोध करने पर उसके शरीर को कैंची से नोच दिया।
इस मामले को निर्भया से जोड़कर देखा जा रहा है, बताया जा रहा है कि बच्ची के साथ भी कुछ ऐसी ही हैवानियत हुई है। फिलहाल बच्ची दिल्ली के एम्स में गंभीर हालत में भर्ती है। इस बच्ची को देखने के लिए दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल भी हॉस्पिटल पहुंचे।
दिल्ली के सीएम केजरीवाल ने बच्ची के परिवार और एम्स के डॉक्टरों से उसका हाल जाना। केजरीवाल ने कहा कि बच्ची के साथ हैवानियत हुई है। उन्होंने कहा, बच्ची का हैवानियत के साथ बलात्कार हुआ है, जिसकी वजह से उसकी हालत बहुत ज्यादा गंभीर है। उसको बहुत अंदर तक चोटें आई हैं, जिसे बताना भी मुश्किल है। वो बेहोशी की हालत में है।
डॉक्टर बता रहे हैं कि उसकी काफी बुरी हालत थी, उसकी सर्जरी की गई है। डॉक्टर्स बता रहे हैं कि अगले 48 घंटे काफी नाजुक हैं। मैंने पुलिस कमिश्नर से बात की है, उम्मीद करते हैं जल्द से जल्द दोषी पकड़े जाएंगे। सरकार उन्हें सख्त से सख्त सजा दिलवाएगी। हम परिवार को 10 लाख रुपये का मुआवजा देंगे।
वहीं इस मामले में दिल्ली पुलिस के हाथ अब तक कोई भी बड़ा सुराग नहीं लगा है। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाके के सीसीटीवी खंगाल रही है और जिन पर शक है उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है।