
नई दिल्ली। पाकिस्तान के विस्फोटक ऑलराउंडर शहीद अफरीदी अपने विवादित बयानों के लिए जाने जाते हैं। कुछ दिनों से लगातार विवादित बयान दिये जा रहे हैं। वो भारत और उसके पूर्व क्रिकेटरों के बारे में कुछ भी अनाप-शनाप बोल रहे हैं।
इस बार अफरीदी ने भारत के पूर्व ओपनर बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग और गौतम गंभीर के बारे में अपने किताब के जरिए विवादित बयान दिया।
अफरीदी ने अपनी ऑटोबायोग्राफी गेम चेंजर में गौतम गंभीर को एक औसत दर्जे का बड़बोला खिलाड़ी बताया है।
अफरीदी के मुताबिक गौतम गंभीर के नाम कोई भी बड़ा रिकॉर्ड नहीं है लेकिन वो खुद को डॉन ब्रैडमैन और जेम्स बॉन्ड समझते हैं।
अफरीदी ने कहा, गौतम गंभीर के व्यवहार में ही समस्या है। उसका कोई व्यक्तित्व नहीं है। उसके कोई बड़े रिकॉर्ड नहीं है, बस नखरेबाजी है।
शाहिद अफरीदी ने अपनी किताब में गौतम गंभीर से मैदान पर हुई लड़ाई का भी जिक्र किया है। अफरीदी के मुताबिक साल 2007 में भारत में खेले जा रहे एक वनडे में उनकी गंभीर से लड़ाई हो गई थी।
अफरीदी ने कहा कि इस लड़ाई के दौरान हम-दोनों ने एक-दूसरे की मां-बहनों को याद किया था।
सहवाग पर भी साधा निशाना
शाहिद अफरीदी ने अपनी इस किताब में वीरेंद्र सहवाग पर भी निशाना साधा है। अफरीदी ने लिखा कि वीरेंद्र सहवाग सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के खिलाफ नकरात्मक टिप्पणियां करते रहते हैं, क्या ये सही आचार है।
शाहिद अफरीदी ने इरफान पठान पर भी कमेंट किया। उन्होंने कहा कि मैं और इरफान जब मैदान पर आपस में भिड़ते थे तो यही सोच रहती थी कि ये मैदान पर सिर्फ एक ही पठान रहेगा, या तो वो या मैं।
अफरीदी ने की सचिन की तारीफ
शाहिद अफरीदी ने भले ही दूसरे भारतीय बल्लेबाजों के खिलाफ नकारात्मक कमेंट्स किये लेकिन सचिन तेंदुलकर को उन्होंने तकनीकी तौर पर सबसे मजबूत भारतीय बल्लेबाज बताया।
अफरीदी ने अपनी बायोग्राफी में याद किया कि उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ 1996 में 37 गेंदों में शतक लगाने का कारनामा सचिन के बल्ले से ही किया था।