
विशाखापत्तनम। टेस्ट मैचों में अपने प्रदर्शन को लेकर लगातार आलोचनाओं को झेलने वाले रोहित शर्मा बल्ले से जवाब देने के मूड में आ गए हैं। भारतीय पिच और दक्षिण अफ्रीका की औसत गेंदबाज़ी ने उनके चुनौती को थोड़ा आसान क्या बनाया उन्होंने विशाखापत्तनम टेस्ट की दोनों पारियों में शतक ठोक दिया। पहली पारी में 176 रन बनाने के बाद उन्होंने दूसरी पारी में भी ताबड़तोड़ 127 रन ठोक दिए। ये उनके टेस्ट करियर का पांचवां शतक है।
रोहित शर्मा एक टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। रोहित ने यह उपलब्धि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट में शनिवार को हासिल की। उन्होंने पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी वसीम अकरम का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अकरम ने 1996 में पाकिस्तान के शेखुपुरा में जिम्बाब्वे के खिलाफ 12 छक्के लगाए थे।
भारतीयों में रोहित के बाद दूसरे नंबर पर नवजोत सिंह सिद्धू हैं। सिद्धू ने 1994 में लखनऊ में श्रीलंका के खिलाफ 8 छक्के लगाए थे। रोहित एक वनडे और टी-20 में भी सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय हैं। उन्होंने 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेंगलुरु वनडे में 16 छक्के लगाए थे। इसके बाद 2017 में इंदौर में खेले गए टी-20 में श्रीलंका के खिलाफ 10 छक्के लगाए थे।