पीएम मोदी सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले पहले गैर कांग्रेसी प्रधानमंत्री बने

नई दिल्ली। भारत की राजनीति में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज एक अनोखा रिकॉर्ड कायम किया। वे गैर कांग्रेसी पहले प्रधानमंत्री बन गए, जिन्होंने सबसे अधिक देश की सेवा की है। इस पद पर सबसे लंबे समय तक रहने वाले वे देश के चौथे प्रधानमंत्री बन गए हैं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने 2268 दिन तक सेवा की, जिनका रिकॉर्ड उन्होंने तोड़ा है।

2014 लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत हासिल कर पीएम मोदी ने 26 मई 2014 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। उनके नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने 2019 के लोकसभा चुनाव में और भी बड़ी जीत हासिल की और नरेन्द्र मोदी दोबारा प्रधानमंत्री बने। अब भारतीय इतिहास में वह चौथे सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री बन चुके हैं।

इससे पहले अटल बिहारी वाजपेयी 3 बार भारत के प्रधानमंत्री बने। पहली बार वह 1996 में पीएम बने लेकिन बहुमत साबित नहीं कर पाए। उसके बाद वह 1998 और 1999 में प्रधानमंत्री बने और 2004 तक सत्ता में रहे थे। वाजपेयी पहले ऐसे गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री थे जिन्होंने अपना कार्यकाल पूरा किया था। एक समय गैर कांग्रेसवाद का अर्थ था राजनीतिक अस्थिरता, लेकिन अब भाजपा राजनीति की प्रमुख ध्रुव बन गई।

बता दें कि मोदी ने मुख्यमंत्री के रूप में लंबे समय तक गुजरात के लोगों की सेवा की है। देश के प्रधानमंत्री पद संभालने से पहले मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में काम कर चुके हैं। मोदी 3 अक्टूबर 2001 को गुजरात के पहली बार मुख्यमंत्री बने। इसके बाद वह लगातार 4 बार (2001 से 2014 तक) मुख्यमंत्री चुने गए। मुख्यमंत्री के रूप में मोदी ने गुजरात के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं प्रारंभ कीं।

Share With

Chhattisgarh