
नई दिल्ली। दिल्ली के जामिया इलाके में फायरिंग हुई है। इसमें एक छात्र घायल हो गया है, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने गोली चलाने वाले को पकड़ लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। वीडियो में एक शख्स को बंदूक लहराते हुए साफ देखा जा सकता है। जिस स्टूडेंट को गोली लगी है, उसका नाम शादाब है और उसे होली फैमिली अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वो जामिया मिल्लिया इस्लामिया का स्टूडेंट है।
यह तब हुआ जब जामिया समन्वय समिति (JCC) ने जामिया क्षेत्र से राज घाट तक नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) के खिलाफ एक मार्च का आयोजन किया। घटनास्थल पर एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, गोली चलाने वाले ने कहा, मैं तुम्हें आजादी दूंगा। ये लो आजादी, हिंदुस्तान जिंदाबाद, दिल्ली पुलिस जिंदाबाद।
गोली चलाने वाले शख्स को नाबालिग बताया जा रहा है। फायरिंग से पहले उसने फेसबुक लाइव भी किया था। इस घटना के बाद जामा मस्जिद, आईटीओ और दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए गए हैं। सीएए और एनआरसी के खिलाफ देश के कई हिस्सों में विरोध-प्रदर्शन काफी लंबे समय से जारी है।
ये घटना ऐसे समय में हुई है, जब हाल ही में दिल्ली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने ये नारे लगवाए थे- देश के गद्दारों को गोली मारो को। ठाकुर के इस बयान पर कार्रवाई करते हुए चुनाव आयोग ने उन पर 72 घंटों तक प्रचार करने से रोक लगा दी है।