देश

दिल्ली चुनाव: आज कड़कड़डूमा में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे पीएम मोदी

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव जीतने के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) अपनी पूरी ताकत झोंक रही है। केंद्रीय मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जे. पी. नड्डा के बाद अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिल्ली विधानसभा चुनाव में एंट्री होने जा रही है। पीएम मोदी तीन फरवरी को दिल्ली के कड़कड़डूमा के सी. बी. डी. ग्राउंड में चुनावी रैली करेंगे। विधानसभा चुनाव के ऐलान के बाद दिल्ली में पीएम मोदी की यह पहली चुनावी रैली है।

वहीं भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा दिल्ली के शकूरबस्ती, मॉडल टाउन और चांदनी चौक में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी कंझावाला, सदर बाजार और पहाड़गंज में रैलियों को संबोधित करेंगे। केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी किरारी, मंगोलपुरी और बदरपुर में सभा को संबोधित करेंगे। स्मृति ईरानी भी सोमवार को त्रिनगर, करोल बाग और मादीपुर में जनसभा में शिरकत करेंगी।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी दिल्ली के सीमापुरी, मुस्तफाबाद करावल नगर और गोंडा में नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करेंगे। हिमाचल के सीएम जयराम ठाकुर का भी दिल्ली में चुनावी सभाओं को संबोधित करने का कार्यक्रम है। जयराम ठाकुर पालम, द्वारका तिलक नगर और शाहपुरा में जनसभा में शिरकत करेंगे जबकि केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल त्रिनगर, रोहिणी, वजीरपुर और नागलोई में जनसभा को संबोधित करेंगे। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय रिठाला, हरदीप पुरी, उत्तम नगर, मालवीय नगर में अजय टम्टा नई दिल्ली और रिठाला में तो केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान नरेला में जन सभा को संबोधित करेंगे।

उत्तर प्रदेश के मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह जनकपुरी, तिलक नगर और शालीमार बाग में सभा को संबोधित करेंगे। महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस शकूरपुर बस्ती, आदर्श नगर में तो वही भोजपुरी सिने स्टार दिनेश लाल यादव देवली, संगम विहार कालकाजी, तुगलकाबाद और बदरपुर में नुक्कड़ सभाओं में शिरकत करेंगे। भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन बादली और भोजपुरी सिने स्टार स्वीटी छाबड़ा दिल्ली के करावल नगर में सभाओं को संबोधित करेंगी।

दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव हो रहे हैं. दिल्ली में 8 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। इसके बाद 11 फरवरी को वोटों की गिनती होगी और चुनाव के नतीजे जारी किए जाएंगे। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी के सामने अपनी सत्ता बचाने की चुनौती है, तो भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पार्टी सत्ता में काबिज होने की जुगत लगा रही हैं।

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी भी दिल्ली में चुनावी रैली करेंगे। राहुल गांधी 4 और 5 फरवरी को दो रैलियां कर दिल्ली चुनाव अभियान को धार देने का काम करेंगे। हालांकि राहुल गांधी की बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का कार्यक्रम अभी तय नहीं हो पाया है।

Share With