देश में 24 घंटे में कोरोना के 56,282 नए केस, 904 लोगों की मौत

नई दिल्‍ली। देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में लगातार बढ़ता जा रहा है। देश में 24 घंटे में कोरोना वायरस के सबसे अधिक 56,282 मामले सामने आए और 904 लोगों की मौत हो गई। इसी के साथ देश में कुल मरीजों का आंकड़ा 20 लाख के करीब पहुंच गया है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 56,282 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 904 लोगों की मौत हुई है। देश में कोविड 19 पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 19,64,537 हो घई है। जिसमें से फिलहाल 5,95,501 सक्रिय मामले हैं। जबकि देश में अब तक कोरोना से 40,699 मौतें हो चुकी हैं।

कोरोना संक्रमितों की संख्या के हिसाब से भारत दुनिया का तीसरा सबसे प्रभावित देश है। अमेरिका, ब्राजील के बाद कोरोना महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित भारत है। लेकिन अगर प्रति 10 लाख आबादी पर संक्रमित मामलों और मृत्युदर की बात करें तो अन्य देशों की तुलना में भारत की स्थिति बहुत बेहतर है। भारत से अधिक मामले अमेरिका (4,973,520), ब्राजील (2,862,761) में हैं। देश में कोरोना मामले बढ़ने की रफ्तार भी दुनिया में तीसरे नंबर पर बनी हुई है।

आंकड़ों के मुताबिक, देश में इस वक्त करीब छह लाख कोरोना के एक्टिव केस हैं। सबसे ज्यादा एक्टिव केस महाराष्ट्र में हैं। महाराष्ट्र में सवा लाख से ज्यादा संक्रमितों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इसके बाद दूसरे नंबर पर तमिलनाडु, तीसरे नंबर पर कर्नाटक, चौथे नंबर पर आंध्र प्रदेश और पांचवे नंबर पर दिल्ली है। इन पांच राज्यों में सबसे ज्यादा एक्टिव केस हैं। एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का तीसरा स्थान है। यानी कि भारत ऐसा तीसरा देश है, जहां फिलहाल सबसे ज्यादा संक्रमितों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

राहत की बात यह है कि अब तक भारत में 13,28,337 मरीज इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं। उधर, भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के अनुसार, 5 अगस्त तक टेस्ट किए गए कोरोना वायरस सैंपलों की कुल संख्या 2,21,49,351 है, जिसमें 6,64,949 सैंपलों का टेस्ट कल किया गया।

Share With

Chhattisgarh