
नई दिल्ली। महामारी और वैक्सीन की कहानी के इर्द-गिर्द घूमती फिल्ममेकर विवेक रंजन अग्निहोत्री की फिल्म ‘द वैक्सीन वॉर’ पिछले काफी समय से चर्चा में बनी हुई है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर फिल्म का टीजर जारी किया गया था। वहीं अब आज फिल्म ‘द वैक्सीन वॉर’ का ट्रेलर रिलीज रिलीज हो चुका है। ‘द वैक्सीन वॉर’ देश की पहली बायो साइंस फिल्म है। फिल्म कोरोना महामारी और इस संकट के बीच वैक्सीन तैयार करने की जद्दोजहद की कहानी बयां करती है।
दरअसल, फिल्म काफी लंबे समय से मीडिया की सुर्खियों में बनी हुई है। मूवी में कोरोना महामारी के दौरान की मुश्किलों का प्रस्तुतिकरण किया गया है, जिससे लोग इस महामारी के समय के महत्वपूर्ण घटनाओं को समझ सके। यह फिल्म डॉक्टर्स और साइंटिस्ट्स की मेहनत और संघर्ष पर आधारित है, जिन्होंने वैक्सीन विकास के लिए कठिनाइयों का सामना किया और इस अद्वितीय स्थिति में मानव स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए काम किया।
‘द वैक्सीन वॉर’ की स्टार कास्ट में अनुपम खेर, नाना पाटेकर, राइमा सेन, सप्तमी गौड़ा और पल्लवी जोशी जैसे अभिनेता और अभिनेत्रियाँ हैं। फिल्म को हिंदी समेत कई अन्य भाषाओं में रिलीज किया जाएगा। यह फिल्म न केवल मनोरंजन होगी, बल्कि जागरूकता और शिक्षा का एक साधक भी होगी। फिल्म का निर्देशन विवेक अग्निहोत्री ने किया है। वहीं, प्रोडक्शन की जिम्मेदारी निर्देशक के रूप में विवेक अग्निहोत्री की पत्नी पल्लवी जोशी ने निभाई हैं जो कि 28 सितंबर 2023 को बड़े पर्दे पर रिलीज किया जाएगा।