
मुंबई। बॉलीवुड की मशहूर फिल्म ‘शोले’ में कालिया का किरदार निभाने वाले वरिष्ठ अभिनेता विजू खोटे का मुंबई में निधन हो गया। वह 77 साल के थे। विजू खोटे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। आज सुबह उन्होंने अपने मुंबई के घर में आखिरी सांसें लीं। विजू खोटे के निधन की खबर से बॉलीवुड इंडस्ट्री में शोक की लहर है। फिल्मी जगत के लोगों के साथ उनके तमाम फैन्स काफी दुखी हैं।
विजू खोटे ने फिल्म ‘शोले’ में ‘कालिया’ का किरदार निभाया था। हिंदी फिल्मों के अलावा उन्होंने मराठी फिल्मों में भी काम किया है। विजू खोटे ने अपने करियर की शुरुआत साल 1964 में की। ‘शोले’ के अलावा फिल्म ‘अंदाज अपना-अपना’ में उनके किरदार ‘रॉबर्ट’ को आज भी याद किया जाता है। निर्देशक रोहित शेट्टी की फिल्म ‘गोलमाल 3’ में भी वो नजर आ चुके हैं। फिल्म में उन्होंने शम्भू काका का किरदार किया था। अपने करियर में विजू खोटे ने 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है।
विजू खोटे का जन्म 17 दिसंबर 1941 को हुआ था। उन्होंने 1964 में फिल्म या मिलक फिल्म से बॉलीवुड फिल्मों की दुनिया में कदम रखा था। इसके बाद उन्होने शोले, कुर्बानी, कर्ज, नगीना, कयामत से कयामत तक, अंदाज अपना अपना समेत तमाम फिल्मों में अपने शानदार अभियन से लोगों के दिलों में एक खास जगह बनाई। विजू खोटे फिल्मों के अलावा छोटे पर्दे पर भी नजर आ चुके हैं। विजू खोटे की बड़ी बहन शुभा खोटे भी बॉलीवुड फिल्मों में नजर आ चुकी हैं।