फिल्म दृश्यम के निर्देशक निशिकांत कामत का निधन

मुंबई। बॉलीवुड इंडस्ट्री के लिए साल 2020 काफी मनहूस रहा है। इस साल कई सेलेब्स ने दुनिया को अलविदा कह दिया है और अब इंडस्ट्री से एक और बुरी खबर सामने आई है, जिसने सभी को चौंका दिया है। दृश्यम और मदारी जैसी फिल्मों के निर्देशक निशिकांत कामत का निधन हो गया है। कामत ने सोमवार सुबह हैदराबाद के एआईजी अस्पताल में अंतिम सांस ली।

बता दें कि 50 साल के कामत को लीवर सिरोसिस जैसी बीमारी की शिकायत के बाद 31 जुलाई को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। निर्देशक की मौत की पुष्टि एक्टर जयवंत वाडकर ने की है। जानकारी के मुताबिक वो हैदराबाद के एआईजी अस्पताल में भर्ती थे। हालांकि उनकी मौत के सही समय को लेकर अभी जानकारी सामने नहीं आई है।

महाराष्ट्र में जन्मे निशिकांत कामत ने साल 2005 में मराठी फिल्म ‘डोंबिवली फास्ट’ से डायरेक्शन में डेब्यू किया था। उनकी पहली ही फिल्म को मराठी बेस्ट फीचर फिल्म का नेशनल अवॉर्ड भी मिला था। बॉलीवुड में कामत को साल 2015 में आई अजय देवगन, तबू स्टारर फिल्म ‘दृश्यम’ से पहचान मिली।

निशिकांत कामत ने निर्देशक के तौर पर लंबे समय तक काम किया। इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड की कई फिल्मों में अभिनय भी किया था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मराठी फिल्मों से की थी।

Share With

Chhattisgarh