
इंदौर देश में बना आईकॉन- मुख्यमंत्री श्री चौहान
इन्दौर। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज इंदौर में एयरपोर्ट पर आयोजित कार्यक्रम में स्मार्ट सिटी के क्षेत्र में देश में इंदौर के नंबर वन आने पर शहरवासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि इंदौर शहर की जनता, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों सहित अन्य संबंधितों की अथक मेहनत का परिणाम है कि इंदौर ने फिर एक नया मुकाम देश में हासिल किया है। इंदौर देश में आइकन बन गया है। इंदौर को शीघ्र ही मेट्रो ट्रेन वाली सिटी बनने का गौरव भी मिलेगा।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश लगातार आगे बढ़ रहा है। चंद्रमा पर चंद्रयान भ्रमण कर रहा है। भारत की यशोगाथा को पूरी दुनिया में पहुंचा रहा है। वहीं मध्यप्रदेश देश में नंबर वन प्रदेश बन गया है। कृषि विकास दर में हम नंबर वन हैं। गेहूं के एक्सपोर्ट में मध्यप्रदेश देश में नंबर वन हैं। स्वच्छता में नंबर वन हैं। जल संरक्षण के क्षेत्र में भी नंबर वन हैं। इंदौर वायु की गुणवत्ता में भी नंबर वन है। स्वच्छतम शहर भी है। अब स्मार्ट सिटी में भी नंबर वन इंदौर बन गया है।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए इंदौर शहर की जनता, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों सहित अन्य सभी संबंधितों को तहे दिल से बधाई दी है। उन्होंने कहा कि आप सबके प्रयत्नों से आज इंदौर आइकन बन गया है। इंदौर एक नया दौर है। इंदौरवासियों को बहुत बधाई, अभिनंदन। अब पूरा प्रदेश स्मार्ट हो गया है। भोपाल सहित अन्य नगरों ने भी स्मार्ट सिटी के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। जनसहभागिता का मॉडल इंदौर है। इंदौर अब मेट्रो ट्रेन वाला शहर भी बनने वाला है। शीघ्र ही मेट्रो की ट्रायल रन भी होगा। इंदौर और मध्यप्रदेश अब एक नया मुकाम हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक करोड़ 36 लाख परिवार गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं। यह भी एक बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि अद्भुत है इंदौर की जनता, अद्भुत है इंदौर के जनप्रतिनिधि। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था के साथ ही मध्यप्रदेश की अर्थव्यवस्था भी मजबूत हो रही है। मध्यप्रदेश की अर्थव्यवस्था का आकार तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की अर्थव्यवस्था का आकार 71 हजार करोड़ रुपए से बढ़कर 15 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गया है। देश की अर्थव्यवस्था में मध्यप्रदेश का योगदान 3.6 प्रतिशत से बढ़कर 4.8 प्रतिशत हो गया है।
इंदौर के स्मार्ट सिटी में नंबर वन बनने पर महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव ने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान को पुष्पमाला पहनाकर अभिनंदन किया। कार्यक्रम में सांसद श्री बी.डी शर्मा, सांसद श्री शंकर लालवानी, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री जयपाल सिंह चावड़ा, विधायक श्री रमेश मेंदोला, श्री महेंद्र हार्डिया तथा श्रीमती मालिनी गौड़, पूर्व विधायक श्री सुदर्शन गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।