कांग्रेस अधिवेशन में सोनिया गांधी ने दिया संन्यास का संकेत, कहा- ‘भारत जोड़ो यात्रा’ मेरी पारी का आखिरी पड़ाव

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर में कांग्रेस के अधिवेशन में कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी ने शनिवार को राजनीति से संन्यास लेने की ओर इशारा किया है। उन्होंने कहा है कि मनमोहन सिंह के सक्षम नेतृत्व के साथ 2004 और 2009 में हमारी जीत ने मुझे व्यक्तिगत संतुष्टि दी लेकिन मुझे सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि मेरी पारी भारत जोड़ो यात्रा के साथ समाप्त हो सकती है, जो कांग्रेस के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ था।

अधिवेशन को संबोधित करते हुए सोनिया गांधी ने कहा कि हमें भाजपा शासन से सख्ती से निपटना होगा और लोगों तक अपनी पहुंच बढ़ानी होगी ताकि अपने संदेश स्पष्टता के साथ दे सकें। सोनिया ने आगे कहा कि भाजपा नफरत की आग में घी डालने का काम कर रही है और अल्पसंख्यकों, महिलाओं, दलितों, आदिवासियों को निशाना बना रही है। कांग्रेस नेता ने इसी के साथ कहा कि यह समय पार्टी और देश के लिए चुनौतीपूर्ण है, क्योंकि भाजपा ने हर संस्थान पर कब्जा कर लिया है।

सोनिया ने कहा कि कांग्रेस एक राजनीतिक पार्टी नहीं बल्कि एक ऐसा माध्यम है जिसके द्वारा लोग समानता, स्वतंत्रता और न्याय के लिए लड़ते हैं। हम लोगों की आवाज को आगे बढ़ाते हैं और उनके सपने पूरे करते हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि हमारा रास्ता आसान नहीं है लेकिन हम जरूर जीतेंगे। सोनिया ने इसी के साथ कहा कि कांग्रेस ने हमेशा लोकतंत्र को मजबूत करने का काम किया है।

Share With

Chhattisgarh