
ग्वालियर। चुनावी साल में पीएम मोदी लगातार मध्यप्रदेश का दौरा कर रहे हैं। आज पीएम मोदी ने एमपी के सबसे बड़े राजनैतिक केंद्र ग्वालियर चंबल को हजारों करोड़ों की सौगातें दीं। उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने विकास की जो धारा बहाई है, उसे अभी और भी आगे ले जाना है। पीएम मोदी ने कहा कि अभी भी कई ऐसे काम हैं, जो जनहित में बीजेपी किए जाने हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि ग्वालियर ने इस देश की आजादी में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यहां से हजारों वीर-वीरांगनाओं ने जन्म लिया है। ग्वालियर-चंबल की मिट्टी ने देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले हजारों सैनिक पैदा किए। यहां की धरती से ही भारतीय जनता पार्टी को जन्म देने वाले पैदा हुए। यहां से ही राजमाता विजयाराजे सिंधिया और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म हुआ। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य से निकालकर देश के टॉप 10 में ले आई। अब हमारा लक्ष्य प्रदेश को टॉप 3 में लेकर जाना है।
इसके साथ ही पीएम मोदी ने विपक्ष पर हमला बोला। पीएम मोदी ने कि कहा, इन लोगों का एक ही काम है, देश की प्रगति से नफरत, अपनी नफरत में ये देश की उपलब्धियों को भी भूल जाते हैं। आज देखिए पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। आज दुनिया को भारत में अपना भविष्य दिख रहा है। मगर जिनको कुर्सी के सिवा कुछ नहीं दिखता उनको देश का डंका बजना अच्छा नहीं लगता। इन्हें देश के विकास और जनता की चिंता नहीं है बल्कि केवल और केवल कुर्सी की चिंता है।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत 9 सालों में दसवें नंबर से पांचवें नंबर की आर्थिक ताकत बनकर उभरा है। ये विकास विरोधी लोग ये सिद्ध करने में जुट गए हैं कि ऐसा कुछ हुआ ही नहीं है। सत्ता के भूखे लोगों के पेट में दर्द हो रहा है। विकास विरोधी लोगों को देश ने 6 दशक दिया। 60 साल कम नहीं होते हैं। उनके पास भी मौके था। मगर वह कुछ नहीं कर सके। तब भी वे भावनाओं के साथ खेलते रहे। आज भी ये वही खेल खेलने में जुटे हुए हैं। आज भी जात-पात को बांटने का पाप कर रहे हैं। वो आज भी घोर भ्रष्टाचारी हो चुके हैं। वो पहले भी एक परिवार का गौरवगान करते थे। आज भी एक ही परिवार का भविष्य देख रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि आज इतने विकास कार्य सामने आ चुके हैं, जो कोई सरकार एक साल में नहीं कर पाई। इतनी बार पर्दे खुले कि आप ताली बजाकर लोग थक गए होंगे। मोदी ने कहा कि मेरे परिवार जनों, धरतेरस-दीपावली से पहले मप्र के गरीब सवा दो लाख परिवार आज अपने नए घर में गृहप्रवेश करने वाले हैं। आज कनेक्टिवटी के प्रोग्राम का शुभारंभ कर दिया है। प्रदेश के युवाओं को लेकर हजारों रोजगार के अवसर बनेंगे। ग्वालियर के साथ विदिशा, कटनी, दमोह, नरसिंहपुर, शाजापुर को नए स्वास्थ्य केंद्र मिल सकेंगे। ये केंद्र आयुष्मान योजना के तहत होने वाले हैं।