
नई दिल्ली। देश भर में आज दीपावली का पर्व धूम-धाम से मनाया जा रहा है। लोगों में दीपावली को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। वहीं इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से लेकर पीएम मोदी सहित अन्य बड़े नेताओं ने देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर बधाई देते हुए लिखा है कि देश के अपने सभी परिवारजनों को दीपावली की ढेरों शुभकामनाएं। यह विशेष त्योहार सभी के जीवन में खुशी, समृद्धि और अद्भुत स्वास्थ्य लाए। वहीं पीएम मोदी आज सैनिकों के साथ दीवाली मनाएंगे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देशवासियों को दीपावली के मौके पर बधाई दी हैं। उन्होंने एक्स पर बधाई देते हुए लिखा है कि दीपावली खुशी और उमंग का पर्व है। यह अंधकार पर प्रकाश की, बुराई पर अच्छाई की और अन्याय पर न्याय की जीत का त्योहार है। राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि यह पर्व सबको मानवता के कल्याण के लिए काम करने की प्रेरणा देता है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए एक्स पर पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा है कि असत्य पर सत्य, अत्याचार पर सदाचार, अंधकार पर प्रकाश की विजय के महापर्व दीपावली की प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! आगे उन्होंने लिखा है कि प्रभु श्री राम व माता जानकी की कृपा से यह पावन पर्व आप सभी के जीवन को सुख, समृद्धि, सौभाग्य एवं आरोग्यता के धवल प्रकाश से दीप्त करे।
दीपावली की पूर्व संध्या पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि असीम श्रद्धा और खुशी के साथ मनाए जाने वाला यह पर्व अंधकार पर प्रकाश की जीत और आशा तथा सदाचार की भावना का प्रतीक है। आशा है कि दीपावली का प्रकाश लोगों में ज्ञान, विवेक और करुणा का संचार करेगा।
कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा है कि मेरे और कांग्रेस पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से आपको दिवाली की बहुत-बहुत शुभकामनाएँ। ये रोशनी का अनुपम उत्सव आपके जीवन में सुख, शान्ति, खुशहाली और समृद्धि लेकर आए। समाज में प्रेम, भाईचारा, सौहार्द व सद्भाव रहे, हम सभी अन्याय, अज्ञानता और भेदभाव के प्रति लड़ते रहें और सुखद उम्मीदों का दिया जलता रहे, हमारी बस यही कामना है।