
कोलकाता। आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों के बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को कहा कि 2024 में बीजेपी को हराने का खेला पश्चिम बंगाल से शुरू होगा। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन, अखिलेश यादव, नीतीश कुमार मैं और अन्य विपक्षी दल एकजुट होंगे। ममता ने कहा कि जब सभी विपक्षी दल एकजुट होंगे तो भाजपा कैसी सरकार बना पाएगी? केंद्र में भाजपा सरकार की कोई जरूरत नहीं है। एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि बीजेपी के खिलाफ विपक्ष एकजुट है।
ममता ने कहा कि भाजपा को लगता है कि पार्टी के जिलाध्यक्ष अनुब्रत मंडल को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा गिरफ्तार करवाकर वे 2024 में उस जिले के दो लोकसभा सीटों को हथियाने में कामयाब हो जाएंगे। यह कभी भी सच नहीं होगा। वह बीमार हैं। हर चुनाव से पहले उन्हें नजरबंद रखा जाता हैं किन यह बात उन्हें रोक नहीं पाई। जब तक अनुब्रत हमारे साथ हैं, बीरभूम जिले में हमारी ताकत तीन गुना रहेगी।
वहीं, आज शाम सात बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली में कर्तव्यपथ का उद्घाटन करेंगे साथ ही, नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 28 फीट ऊंची प्रतिमा का लोकार्पण भी किया जाएगा। इस कार्यक्रम को लेकर पश्चिम बंगाल सीएम ममता बनर्जी ने कहा है कि वह दिल्ली में नेताजी की प्रतिमा के लोकार्पण के मौके पर उपस्थित नहीं होंगी, क्योंकि उन्हें निमंत्रण सही तरीके से नहीं मिला। उन्होंने कहा कि उन्हें कल एक नौकरशाह का पत्र मिला। पत्र में लिखा है कि पीएम के कार्यक्रम में आपको उपस्थित होना है। जैसे मैं उनकी नौकर हूं…
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज कोलकाता में एक रैली के दौरान कहा कि वह आज दिल्ली में नेताजी की प्रतिमा के उद्घाटन में शामिल नहीं होंगी क्योंकि दिया निमंत्रण “उचित नहीं” था। ममता ने कहा कि उन्हें कल एक नौकरशाह का पत्र मिला जिसमें उन्होंने आज शाम के कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी।
बता दें कि, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एनडीए से नाता तोड़ने के बाद अब विपक्षी दलों को एकजुट करने में लगे हैं। उन्होंने अभी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का दौरा किया है। जिसमें उन्होंने राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल समेत कई विपक्षी दलों के नेताओं से मुलाकात की है। जानकारी के मुताबिक 25 सितंबर को हरियाणा के फतहाबाद में पूर्व पीएम चौधरी देवीलाल की जयंती पर एक रैली होगी। जिसमें विपक्षी दलों के नेताओं का जमावड़ा लगेगा। बाताया जा रहा है कि इस रैली में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी शामिल हो सकती हैं।