
नई दिल्ली। कर्नाटक में कांग्रेस को मिली अप्रत्याशित जीत पर पार्टी में खुशी की लहर है। कांग्रेस बहुमत के लिए जरूरी 120 सीटों से कहीं ज्यादा सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं भाजपा इसके मुकाबले काफी पीछे है। दक्षिण का प्रवेश द्वार कहे जाने वाले इस राज्य में कांग्रेस ने भाजपा को मात देकर सत्ता में वापसी कर रही है।
रुझानों में कांग्रेस की जीत देख कांग्रेस कर्नाटक अध्यक्ष डीके शिवकुमार भावुक हो गए। उनकी आंखों से आंसू भी झलके। उन्होंने कहा कि इस जीत का श्रेय मैं अपने कार्यकर्ताओं और अपनी पार्टी के नेताओं को देता हूं। जिन्होंने बूथ स्तर, विधानसभा और जिला स्तर पर इतनी मेहनत की। जनता ने झूठ का पर्दाफाश किया है। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और पार्टी के सभी नेताओं के संयुक्त मेहनत से संभव हुआ है।
शिवकुमार ने कहा कि मैंने राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी को जीत का आश्वासन दिया था। मैं भूल नहीं सकता, जब सोनिया गांधी मुझसे जेल में मिलने आई थीं तब मैंने पद पर रहने के बजाय जेल में रहना चुना, पार्टी को मुझपर इतना भरोसा था। यह कहते हुए उनके आंखों से आंसू भी झलक गए।
उन्होंने कहा कि मैं इस जीत के लिए सिद्धारमैया समेत राज्य के पार्टी के सभी विधायकों, नेताओं और कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने अपनी जिम्मेदारी को अच्छी तरह निभाया। यह किसी एक की कोशिश से संभव नहीं हुआ है, इसमें सभी की मेहनत शामिल है।
नतीजों से साफ है कि कर्नाटक में कांग्रेस सरकार बना रही है। लेकिन अभी सीएम फेस पर सस्पेंस है। कांग्रेस की तरफ से डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया का नाम आगे चल रहा है। डी के शिवकुमार कर्नाटक के प्रदेश अध्यक्ष हैं, तो वहीं पूर्व सीएम सिद्धारमैया कर्नाटक के बड़े नेता हैं। अब तक की जानकारी के मुताबिक, पार्टी विधायक सीएम चुनने का फैसला कांग्रेस आलाकमान पर छोड़ेंगे।