
इंदौर। इंदौर में रामनवमी पर बड़ा हादसा हो गया है। यहां स्नेह नगर के पास पटेल नगर में श्री बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में हवन के दौरान 40 फीट गहरी बावड़ी की छत धंसने से 25 से अधिक लोग नीचे गिर गए। हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत हुई है। मौत का आंकड़ा बढ़ सकता है। 19 लोगों को सुरक्षित बाहर निकला गया है।
अब तक बावड़ी से 11 मृतकों के शव बाहर निकाले गए हैं। जबकि दो लोगों की जान अस्पताल में गई है। मृतकों में एक पुरुष और 12 महिलाएं शामिल हैं। मृतकों का आंकड़ा बढ़ भी सकता है। मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख के मुआवजे का ऐलान किया गया है। गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने जांच के आदेश दिए हैं।
बावड़ी में पानी है, इसके चलते रेस्क्यू में कठिनाई आ रही है। अब तक 19 लोगों को बाहर निकाला गया है। इनमें दो बच्चियां और सात महिलाएं शामिल हैं। कुछ और लोगों के बावड़ी में फंसे होने की आशंका है। घायलों को पास के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने इंदौर के कलेक्टर इलैय्या राजा टी और कमिश्नर से फोन पर बात की है। रेस्क्यू अभियान तेज करने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को 5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।
CMO भी जिला प्रशासन के संपर्क में है। घायलों को पास के अस्पतालों में शिफ्ट किया जा रहा है। वहीं, हादसे की सूचना मिलने पर क्षेत्रीय विधायक आकाश विजयवर्गीय व पूर्व मंत्री जीतू पटवारी भी मौके पर पहुंच गए हैं।