विदेश

बांग्लादेश में भीषण ट्रेन हादसा, 15 लोगों की मौत, कई घायल

ढाका। बांग्लादेश की राजधानी ढाका के पास किशोरगंज में में बड़ा ट्रेन हादसा हुआ है, जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई है और 100 से अधिक घायल बताए जा रहे हैं। जबकि बांग्लादेशी मीडिया के मुताबिक, इस ट्रेन हादसे में मरने वालों की संख्या 20 पहुंच गई है।

घायलों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर है। वहीं, ट्रेन में फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, ढाका जाने वाली गोधुली एक्सप्रेस चट्टोग्राम की ओर जा रही एक मालगाड़ी से टकरा गई। दुर्घटना के बाद देश के अन्य हिस्सों के लिए ट्रेन सेवाएं रोक दी गई हैं। स्थानीय मीडिया ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया कि दुर्घटना में कई लोगों के घायल होने की आशंका है। साथ ही कई लोग अब भी ट्रेन के नीचे फंसे हुए हैं।

भैरब के एक अधिकारी सादिकुर रहमान ने बताया कि हमने अब तक 15 शव बरामद कर लिए हैं। हालांकि कई घायल अब भी फंसे हुए हैं। उन्होंने कहा कि मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है, क्योंकि अभी भी शवों को कुचले हुए और पलटे हुए डिब्बों के नीचे फंसे हुए देखा जा सकता है। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में कम से कम 100 लोग घायल हुए हैं।

खबरों में दावा किया गया है कि कई घायल क्षतिग्रस्त डिब्बों के नीचे दबे हुए हैं। अग्निशमन सेवा कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू कर दिया है। स्थानीय पुलिस अधिकारी सिराजुल इस्लाम ने कहा कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। हालांकि बचाव अभियान जारी है।

Share With