
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गिरफ्तार कर लिया है। ईडी ने शराब घोटाले में छापेमारी के बाद संजय सिंह को आज गिरफ्तार किया है। गौरतलब है कि ईडी की टीम ने आज सुबह आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह के घर पर छापा मारा था। दिल्ली शराब घोटाला मामले में ये छापेमारी की गई थी।
बता दें कि ईडी शराब घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच कर रही है। ईडी ने पिछले दिनों इस मामले में चार्जशीट दाखिल की थी। ईडी की चार्टशीट में तीन जगहों पर संजय सिंह का नाम है। ईडी की टीम आज सुबह 7 बजे राज्यसभा सांसद संजय सिंह के घर पहुंची और छापेमारी शुरू कर दी। बता दें कि आप सांसद का घर नार्थ एवेन्यू में है। यहां वह अपने सरकारी आवास में रहते हैं।
जानकारी के मुताबिक, ईडी के अधिकारी संजय सिंह को लेकर जाएंगे। वहीं, आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं का भी संजय सिंह के आवास पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, संजय सिंह को उनके आवास के पीछे वाले गेट से निकाला जाएगा। इसके बाद उन्हें दिल्ली में ईडी के हेडक्वार्टर में ले जाया जाएगा।