
नई दिल्ली। देश में पिछले 5 दिनों में कोरोना संक्रमितों की संख्या में 7 हजार से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। गुरुवार को 1667 मामले सामने आए। एक दिन में यह मरीजों की सबसे बड़ी संख्या है। इससे पहले 19 अप्रैल को सबसे ज्यादा 1580 संक्रमित मिले थे। 18 अप्रैल को देश में 15724 मरीज थे। तब से लेकर गुरुवार तक 7315 मरीज बढ़े हैं। यानी 5 दिन 46.52% की बढ़ोतरी हुई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में संक्रमितों की कुल संख्या 23077 है। इनमें से 17610 का इलाज चल रहा है, 4749 ठीक हुए हैं और 718 की मौत हुई है। देश में कोरोना वायरस के संक्रमण के सर्वाधिक 6,430 मामले महाराष्ट्र से सामने आए हैं।
महाराष्ट्र में 24 घंटे में कोरोना के 778 नए केस सामने आए हैं और 14 लोगों की मौत हुई है। राज्य में कोरोना के कुल 6427 मामले हो गए हैं, जबकि 283 लोगों की जान जा चुकी है। मुंबई की बात करें तो यहां पर 24 घंटे में 522 केस सामने आए हैं और 6 लोगों की मौत हुई है। मुंबई में कोरोना के 4205 मामले हो गए हैं। यहां पर अब तक 167 लोगों की मौत हो चुकी है।
दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए हॉटस्पॉट जोन की संख्या भी बढ़ा दी गई है। राजधानी में अब 92 हॉटस्पॉट हो गए हैं। दिल्ली में कोरोना के कुल मामलों की संख्या फिलहाल 2376 है और 50 लोगों की मौत हुई है। अब तक कुल 804 कोरोना के मरीज ठीक हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे में राजधानी में कोरोना के 128 नए मामले सामने आए हैं और 2 लोगों की मौत हुई है।