
नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में लगातार बढ़ता जा रहा है। देश में 24 घंटे में कोरोना वायरस के सबसे अधिक 48,916 मामले सामने आए और 757 लोगों की मौत हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में अबतक 13 लाख 36 हजार 861 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं।
इनमें से 31,358 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 8 लाख 49 हजार ठीक भी हुए हैं। 4 लाख 56 हजार लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है। पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 48 हजार 916 नए मामले सामने आए और 757 मौतें हुईं।
कोरोना संक्रमितों की संख्या के हिसाब से भारत दुनिया का तीसरा सबसे प्रभावित देश है। अमेरिका, ब्राजील के बाद कोरोना महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित भारत है। लेकिन अगर प्रति 10 लाख आबादी पर संक्रमित मामलों और मृत्युदर की बात करें तो अन्य देशों की तुलना में भारत की स्थिति बहुत बेहतर है।
भारत से अधिक मामले अमेरिका (4,248,194), ब्राजील (2,348,200) में हैं। देश में कोरोना मामले बढ़ने की रफ्तार भी दुनिया में तीसरे नंबर पर बनी हुई है।
देश में इस वक्त 4 लाख 55 हजार कोरोना के एक्टिव केस हैं। सबसे ज्यादा एक्टिव केस महाराष्ट्र में हैं। महाराष्ट्र में एक लाख 40 हजार से ज्यादा संक्रमितों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इसके बाद दूसरे नंबर पर तमिलनाडु, तीसरे नंबर पर दिल्ली, चौथे नंबर पर गुजरात और पांचवे नंबर पर पश्चिम बंगाल है।
इन पांच राज्यों में सबसे ज्यादा एक्टिव केस हैं। एक्टिव केस मामले में दुनिया में भारत का तीसरा स्थान है। यानी कि भारत ऐसा तीसरा देश है, जहां फिलहाल सबसे ज्यादा संक्रमितों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है।